कोतवाली क्षेत्र के भरोखन गांव स्थित नहर की पटरी के किनारे खेत में संदिग्ध दशा में टाइल्स मिस्त्री का शव मिलने के मामले में पुलिस ने उसके पार्टनर के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। उधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के शरीर में अंदरूनी चोट के निशान मिले हैं। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
क्षेत्र के भरोखन गांव स्थित नहर की पटरी के किनारे खेत में संदिग्ध दशा में कंसापट्टी निवासी टाइल्स मिस्त्री मनोज कुमार वर्मा (25) का शव मिला था। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मृतक मनोज कुमार वर्मा के भाई दीपक ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि मृतक के पार्टनर विनोद कुमार उर्फ सुनील कुमार वर्मा निवासी परसद थाना आसपुर देवसरा ने मनोज की पत्नी रीना को फोन किया था।
उसने मनोज को बकाए रुपये का भुगतान करने के लिए बुलाया था। आरोप है कि पार्टनर ने उसकी हत्या कर शव खेत में फेंक दिया। मामले की जांच कर रही पट्टी पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मनोज की शरीर में गहरी चोट के निशान मिले हैं। ऐसे में उसकी हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। जल्द ही घटना के कारणों का खुलासा किया जाएगा। संवाद