लेनदेन के विवाद को लेकर जीजा ने अपने साले को घर बुलाकर गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल साले की हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उसे प्रयागराज रेफर कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी जीजा को तमंचा के साथ दबोच लिया।
उदयपुर थाना क्षेत्र के उछापुर निवासी रामराज सरोज (30) ने दो साल पहले अपने जीजा बहादुर सरोज निवासी अठेहा को 3 लाख रुपये उधार दिए थे। बहादुर रुपये लौटा नहीं रहा था। जिसे लेकर कई बार रिश्तेदारों के बीच पंचायत हो चुकी थी। जो चेक बहादुर ने दिया था वह भी बाउंस हो गया था। रविवार को रामराज ने उसे फोन कर फिर रुपये की मांग की। इस पर बहादुर ने उसे घर आकर रुपये ले जाने के लिए कहा। शाम को रामराज बाइक से अपनी बहन के घर आया। जहां रुपये को लेकर दोनों के बीच विवाद होने लगा। प्रत्यक्षदशयों की मानें तो अचानक बहादुर ने रामराज को गोली मार दी।
फायर की आवाज सुनकर परिवार के लोगों के साथ ही आसपास के लोग दौड़ पड़े। लोग गोली लगने से घायल रामराज को सांगीपुर सीएचसी ले गए। वहां से जिला अस्पताल लाया गया। हालत गंभीर देख रामराज को डाक्टरों ने प्रयागराज रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी जीजा को हिरासत में लेते हुए मौके से ही तमंचा भी बरामद कर लिया।
बाइक सवार युवकों को शंका होने पर ग्रामीणों ने रोका। बाइक सवार तीन युवक भाग निकले। एक युवक को पकडक़र ग्रामीणों ने जमकर पीटा और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। रविवार की रात आठ बजे खेमीपुर के बीडीसी सदस्य अशोक जायसवाल के घर के करीब दो बाइक पर सवार चार संदिग्ध दिखे। ग्रामीणों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वे भागने लगे। एक युवक को लोगों ने दबोचकर पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया।