प्रतापगढ़। जिले की 826 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायकों की नियुक्ति पर अफसरों ने अपनी मुहर लगा दी है। जबकि 367 ग्राम पंचायतों में चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में हैं। अधिकारियों को अब हाईकोर्ट से हरी झंडी मिलने का इंतजार है। ग्राम पंचायतें पंचायत सहायकों को नियुक्ति पत्र जारी करने के साथ ही कार्यभार ग्रहण कराएंगी।
जिले की 1193 ग्राम पंचायतों में चयनित पंचायत सहायकों को नियुक्ति पत्र जारी करने पर भले ही रोक लगी है, मगर ब्लॉकों के लिए नामित नोडल अधिकारी विवादों का निस्तारण कर उन्हें अंतिम रूप देने में जुटे हैं। जिले की 826 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायकों की नियुक्ति को अंतिम रूप दिया जा चुका है, जबकि 367 ग्राम पंचायतों में विवादों का निस्तारण करने के लिए नोडल अ फसरों ने शिकायतकर्ताओं को नोटिस जारी कर रखा है। अधिकांश विवादित मामलों में मेरिट में शामिल आवेदकों को बाहर करके प्रधान अपने करीबियों का चयन कराने के लिए पूरी ताकत झोंक दिए हैं। नेताओं की सिफारिश के साथ ही पूरी ताकत लगा रहे हैं, मगर नोडल अधिकारी दोनों पक्षों की बात सुने बगैर कोई फैसला लेने के लिए तैयार नहीं हैं। नोडल अधिकारी दोनों पक्षों की बात ही नहीं सुन रहे हैं, बल्कि नोटिस जारी कर सुनवाई के लिए तिथि का निर्धारण कर रहे हैं और साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए भरपूर मौका भी दे रहे हैं। फिलहाल, पंचायत सहायकों की नियुक्ति अंतिम दौर में है। हाईकोर्ट ने अगर हरी झंडी दे दी, तो दिवाली से पहले ही सभी पंचायत सहायकों को नियुक्ति पत्र मिल जाएगा। डीपीआरओ रविशंकर द्विवेदी ने बताया कि नियुक्ति पत्र जारी करने और कार्यभार ग्रहण कराने की जिम्मेदारी ग्राम पंचायतों को सौंपी गई है। इसलिए ग्राम पंचायतों को ही पंचायत सहायकों से कार्य लेना है। कोर्ट से हरी झंडी मिलते ही ग्राम पंचायतों को नियुक्ति पत्र जारी करने को कहा जाएगा।
शहर में शामिल होंगे सदर ब्लॉक के 21 स्कूल
प्रतापगढ़ (संवाद)। शहर का सीमा का विस्तार होने पर अब सदर ब्लॉक के 21 स्कूल नगर क्षेत्र में शामिल होंगे। प्रभारी बीएसए सुधीर कुमार सिंह ने शासन को पत्र भेजकर स्कूलों को नगर क्षेत्र में शामिल करने के लिए अनुमति मांगी है। गांव से शहर में शामिल होने वाले स्कूलों में बराछा, शुकुलपुर, भुलियापुर, सोनावा, रूपापुर, चकबनतोड़ और जोगापुर के 21 स्कूल शामिल हैं।