प्रतापगढ़ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का स्वागत करते कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव दो दिवसीय दौरे पर प्रतापगढ़ पहुंच गए हैं। पार्टी की ओर से आयोजित कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर में अखिलेश यादव हिस्सा लेंगे। लालगंज पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। काफिले के साथ प्रतापगढ़ जा रहे अखिलेश यादव लालगंज में कार्यकर्ताओं की भीड़ को देखकर रुक गए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान बड़ी संख्या में सपाइयों ने माला फूल पहनाकर उनका स्वागत किया। इसके अलावा कई और जगह पर पूर्व मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया।
पूरी रात शहर से लेकर हाईवे किनारे घूम रहे आवारा मवेशियों की हुई धरपकड़
राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में सपा की ओर से आयोजित कार्यकर्ता प्रशिक्षण सम्मेलन में शामिल होने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री नेता विरोधीदल अखिलेश यादव के आगमन को देखते हुए प्रशासनिक अमला बुधवार की रात सांडों की धरपकड़ में जुटा रहा। शहर के अलावा हाईवे पर नगर पालिका व नगर पंचायत की टीम सांडों को खोजती रही।
शहर क्षेत्र में बुधवार की रात नगर पालिका की टीम ने सिविललाइंस, राजापाल से चौक रोड, सदर मोड़ रोड के आसपास सड़क पर घूमने वाले आवारा मवेशियों की धरपकड़ कर सभी को चिलबिला की कान्हा गोशाला तक पहुंचाया। मीराभवन से सिटी, सुखपाल नगर तिराहा, लखनऊ वाराणसी राजमार्ग पर मोहनगंज में आवारा मवेशियों की धरपकड़ होती रही।
दरसअल एक माह पहले लखनऊ से पूर्वाचंल एक्सप्रेस वे से वाराणसी जा रहे पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने अलग- अलग जनपदों में सड़कों पर आवारा मवेशियों के जमघट का मोबाइल में वीडियो बनाकर सरकार को घेरा था। जिसे देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से जिम्मेदार अधिकारियों को सांडों की धरपकड़ का निर्देश जारी किया गया था।