महुली मंडी में रानीगंज के मतगणना पांडाल में विवाद के बाद मौके पर पहुंचे डीएम व एसपी। संवाद
- फोटो : PRATAPGARH
रानीगंज व रामपुर खास विधानसभा की मतगणना के दौरान हंगामा देख पुलिस सहित जिम्मेदार अफसर सर्तक हो गए। अलग-अलग दलों के समर्थकों व उम्मीदवारों का आक्रोश देख एसपी की फटकार पर पुलिस ने मतगणना परिसर से समर्थकों को खदेड़कर बाहर कर दिया। हरकत में आए अफसरों ने आनन-फानन में केंद्रीय पुलिस बल को मतगणना पंडाल की सभी टेबलों पर तैनात करा दिया। परिसर में पीएसी के जवानों की बढ़ती संख्या देख उम्मीदवारों के समर्थक दूर चले गए।
शाम करीब पांच बजे रामपुर खास की मतगणना टेबल पर कांग्रेस उम्मीदवार को जीत मिलने के बाद भाजपा समर्थक लौटने लगे। इस दौरान बाहर हंगामा होता रहा। रानीगंज विधानसभा के मतगणना पंडाल में शाम सात बजे तक सपा व भाजपा उम्मीदवार के समर्थक डटे थे।
भाजपा उम्मीदवार व समर्थक दोबारा मतगणना की मांग कर रहे थे, लेकिन अफसर तैयार नहीं हुए। रानीगंज से सपा उम्मीदवार की जीत मिलने पर भाजपा उम्मीदवार व उनके समर्थक मतगणना परिसर से बाहर हुए तो पुलिस सहित अन्य अधिकारियों ने राहत की सांस ली।