यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। अब प्लेटफार्म टिकट के लिए 30 रुपये नहीं खर्च करने होंगे। रेलवे ने इसका दाम घटाकर दस रुपये कर दिया है। हालांकि कोरोना काल में दाम बढ़ने के बाद प्लेटफार्म टिकट की बिक्री न के बराबर हुई थी। चिलबिला जंक्शन के साथ जिलेभर के किसी भी स्टेशन पर प्लेटफार्म टिकट नहीं बिके।
कोरोना के बाद रेलवे बोर्ड ने ट्रेनों के संचालन पर पूरी तरह से रोक लगा दी थी। बाद में कुछ ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया। उन्हें स्पेशल बनाकर चलाया जा रहा था। भीड़ कम करने के लिए प्लेटफार्म टिकट के दाम बढ़ाकर तीस रुपये कर दिया गया। हालांकि इसके बाद प्लेटफार्म टिकट की बिक्री न के बराबर हो रही थी। अब हालात सामान्य होने पर प्लेटफार्म टिकट के दाम फिर दस रुपये कर दिए गए हैं। सीएमआई ज्योति स्वरूप श्रीवास्तव ने बताया कि प्लेटफार्म टिकट के दाम तीस से घटाकर दस रुपये कर दिए गए हैं।