चुनावी समर में डूबे शिक्षक-शिक्षिकाओं के लिए बीएसए का औचक निरीक्षण मुसीबत बन गया है। गुरुवार को बीएसए के निरीक्षण में 10.10 बजे मंगरौरा इलाके के प्राइमरी स्कूल पूरेवैश्य में ताला लटकता मिला। जबकि नगर क्षेत्र के मिडिल स्कूल पड़ाव वार्ड में एक बार फिर खुलासा हुआ है कि शिक्षिका के स्कूल नहीं आने के बाद भी रजिस्टर में हाजिरी लग रही है। गुरुवार को बीएसए के पहुंचने पर बताया कि वह दस्तखत करके घर चली गई हैं।
मंगरौरा विकास खंड के प्राइमरी स्कूल पूरेवैश्य में 10.10 बजे जब बीएसए पहुंचे तो ताला लटक रहा था। इससे नाराज बीएसए ने हेडमास्टर अफजाल अहमद की तीन वार्षिक वेतन वृद्धि, सहायक अध्यापक हुस्नजहां और संबद्ध अध्यापिका रेनू तिवारी की दो वार्षिक वेतन वृद्धि रोकने के साथ शिक्षामित्र रंजना सिंह के मानदेय भुगतान पर रोक लगा दी है।
नगर क्षेत्र के मिडिल स्कूल पड़ाव में सहायक अध्यापिका कंचन पांडेय दस्तखत करके गायब मिलीं। बीएसए ने बताया कि ऐसा लगता है कि शिक्षिका आती नहीं है, बल्कि उसकी दस्तखत कोई और बनाता है। हालांकि इसके पहले भी खुलासा हो चुका है शिक्षिका की दस्तखत कोई और बनाता था। बीएसए ने बताया कि एक दिन का वेतन रोका गया है। सहायक अध्यापिका नूरजहां के निरीक्षण के समय स्कूल पहुंचने पर चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
103 बच्चों का नाम रजिस्टर में अंकित होने और तीन बच्चों के उपस्थित होने पर हेडमास्टर को फटकार लगाई। मंगरौरा विकास खंड के प्राइमरी स्कूल पूरेक्षमा में गायब शिक्षामित्र मनीषा सरोज का मानदेय रोका गया है। प्राइमरी स्कूल मामली में तैनात हेडमास्टर प्रदीप कुमार सिंह की दो वार्षिक वेतन वृद्धि पर रोक लगा दी गई।
प्राइमरी स्कूल नरहरपुर में हेडमास्टर राकेश कुमारी के एक कमरे में पति के साथ बैठे मिलने पर एक वार्षिक वेतन वृद्धि रोकी है। प्राइमरी स्कूल लाखीपुर में गंदगी होने पर हेडमास्टर राघवेंद्र पांडेय की एक वार्षिक वेतन वृद्धि रोकने का आदेश दिया है। प्राइमरी स्कूल सूर्यगढ़ में 87 बच्चों के नामांकित होने और 20 के मौजूद मिलने पर एमडीएम की रकम वसूलने को कहा है।
मिडिल स्कूल सूर्यगढ़ में छात्र उपस्थिति शून्य होने पर प्रभारी हेडमास्टर जाहिदा वेगन, सहायक अध्यापिका कनकलता, विष कुमारी, शशि देवी, अहमदी वेगम, आनंदा श्रीवास्तव,रेशमा, खतीजा बानो, अंसारी तरन्नुम की एक-एक वार्षिक वेतन वृद्धि रोकी है।