रानीगंज में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक प्रत्याशी के समर्थन में रोड शो करते हास्य कलाकार राजपाल यादव।
- फोटो : pratapgarh
जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी के प्रत्याशी अक्षय प्रताप सिंह गोपालजी के समर्थन में गुरुवार को सिने कलाकार राजपाल यादव ने राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजाभैया के साथ शहर और रानीगंज इलाके में रोड शो किया।
सिने कलाकार राजपाल यादव ने गोपालजी के समर्थन में वोट मांगे। शहर में रोड शो करने के बाद राजाभैया का काफिला रानीगंज बाजार पहुुंचा। रानीगंज बाजार, दिलीपुर, जामताली सहित दर्जनभर बाजारों का भ्रमण कर राजपाल यादव ने राजाभैया को जिले की शान बताया। कहा कि गोपालजी जीतेंगे तो जिले का सर्वांगीण विकास होगा।
रोडशो के दौरान भारी संख्या में लोग सिने स्टार राजपाल यादव को देखने के लिए उमड़े रहे। भुपियामऊ चौराहे पर जनसभा को संबोधित करते हुए राजाभैया ने कहा कि भाषा में मर्यादा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव में जो मैंने कहा था, उसे पूरा किया। इस दौरान भारी संख्या में जनसत्ता दल के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।