सिविल सेवा 2020 की परीक्षा पास कर आईएएस बने तिवारी महमदपुर गांव के विपिन द्विवेदी का रविवार को गांव पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। इससे पहले 2019 में विपिन ने पीसीएस की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। इन दिनों वह अलीगढ़ जनपद की सदर तहसील में एसडीएम के पद पर तैनात हैं।
विपिन द्विवेदी रविवार सुबह अलीगढ़ से कमासिन बाजार पहुंचे। कमासिन के लोगों ने पूर्व प्रधान चंद्रमौलि शुक्ला के नेतृत्व में उनका स्वागत किया। घर पहुंचकर पिता चिंतामणि द्विवेदी व मां उषा देवी से आशीर्वाद लिया। पिता चिंतामणि द्विवेदी एवं माता ऊषा देवी से गले मिलकर वह काफी देर तक रोते रहे। इसके बाद ग्रामवासियों ने माल्यार्पण कर विपिन द्विवेदी का स्वागत किया। विपिन लगभग चार किलोमीटर पैदल चलकर परिजनों व ग्रामीणों के साथ कमासिन बाजार पहुंचे और मां कामाक्षी व हनुमत धाम पर मत्था टेका। रास्ते में जगह-जगह ग्रामवासियों ने उन्हें रोककर स्वागत किया।
इस दौरान खूब गोले दागे गए। इस दौरान अमेठी में मजिस्ट्रेट ऋतुरानी भी मौजूद रहीं। इस मौके पर राजमणि दुबे, इंद्रमणि, राजकुमार, सौरभ दुबे, प्रदीप, रमेश, सर्वेश, शुभम, सचिन, रोहित, योगेश, मोहित, सूर्यमणि शुक्ला, आनंद शुक्ला, लालमणि दुबे, हरीश नारायण शुक्ला, रामराज तिवारी, वैज्ञानिक हरिशंकर सिंह, राकेश दुबे, राजकमल यादव, राजेंद्र यादव, विजय यादव आदि लोग मौजूद रहे।