मानधाता इलाके में सोमवार सुबह बैंक से रुपये निकाल कर ग्राहक सेवा केंद्र जा रहे टाइनी शाखा संचालक को गोली मारने के बाद आंख में मिर्च डालकर बदमाशों ने लूटने का प्रयास किया। घायल होने के बाद भी संचालक शोर मचाते हुए बदमाशों से भिड़ गया।
ग्रामीणों के दौड़ने पर दो बदमाश फायरिंग करते हुए भाग निकले, जबकि एक को लोगों ने दबोच लिया। उसकी जमकर पिटाई करने के बाद ग्रामीण एसपी को बुलाने की मांग करने लगे। सीओ रानीगंज के पहुंचने पर ग्रामीणों ने बदमाश को उनके हवाले किया। घटनास्थल से कारतूस व खोखा बरामद हुआ है।
मानधाता थाना क्षेत्र के अहिना निवासी प्रभाकर पांडेय (40) पुत्र अवधेश पांडेय ने कुटिलिया चौराहे पर एसबीआई का ग्राहक सेवा केंद्र खोल रखा है। वह वर्ष 2012 से केंद्र संचालित कर रहे हैं। सोमवार की सुबह वह मानधाता स्थित एसबीआई बैंक पहुंचे। वहां से 1 लाख 15 हजार रुपये निकाले और बाइक की डिग्गी में रुपयों से भरा बैग रखने के बाद ग्राहक सेवा केंद्र की ओर चल पड़े। पंडित का पुरवा के पास बाग में पीछे से आ रहे पल्सर बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया।
बाइक न रोकने पर उन पर फायर झोंक दिया। गोली प्रभाकर की कमर के नीचे छूते हुए निकल गई। वह बाइक लेकर गिर पड़े। इस बीच बदमाशों ने उनकी आंख में मिर्च का पाउडर डाल दिया। बदमाश बाइक की डिग्गी तोड़कर रुपयों से भरा बैग निकालने लगे। डराने के लिए फिर फायर किया, लेकिन प्रभाकर डिग्गी से रुपये निकाल रहे बदमाश से भिड़ गए। शोरशराबा सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े।
ग्रामीणों को आते देख बाइक सवार दो बदमाश भाग निकले। एक बदमाश को लोगों ने पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। टाइनी शाखा संचालक को गोली मारकर लूट की खबर मिलते ही हड़कंप मच गया। ग्रामीण इस बात की जिद पर अड़ गए कि एसपी के आने के बाद बदमाश को पुलिस के हवाले किया जाएगा। स्थानीय पुलिस पर भरोसा नहीं है। सीओ रानीगंज अंजनी राय मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत कराया।
पूछताछ के बाद फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस टीम निकल पड़ी। पकड़ा गया बदमाश मानधाता थाना क्षेत्र के बुआपुर बलिकरनगंज निवासी पुनीत सोनी पुत्र बनवारीलाल है। पुलिस व स्वॉट टीम उससे पूछताछ कर रही है। संचालक की तहरीर पर पुलिस ने पकड़े गए बदमाश समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
बैंक लूट का भी हो सकता है खुलासा
जिले में बदमाश लगातार बैंक व व्यापारियों को ही निशाना बनाते आ रहे हैं। एक बदमाश के पकड़े जाने से मानधाता के विश्वनाथगंज स्थित बैंक आफ बड़ौदा और नगर कोतवाली के मीराभवन स्थित बंधन बैंक के अलावा जेठवारा व मानधाता इलाके में हुई लूट व छिनैती की घटनाओं का खुलासा होने की उम्मीद है। एएसपी पूर्वी अवनीश मिश्रा ने बताया कि पकड़े गए बदमाश से पूछताछ के बाद फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। यह बदमाश कई घटनाओं में शामिल रहे हैं।
जान पर खेल गए प्रभाकर
मानधाता के अहिना निवासी प्रभाकर पांडेय रोज की तरह सोमवार को भी ग्राहक सेवा केंद्र के लिए निकले थे। उन्होंने बैंक से रुपये निकाले और बाइक से केंद्र की तरफ चल पड़े। बदमाशों ने प्रभाकर को पहले आसानी से रोकने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। यह देख बदमाशों ने प्रभाकर को डराने के लिए फायर कर दिया। ताकि वह भयभीत होकर रुक जाएं। गोली उनके कमरे के नीचे छूते हुए निकल गई।
आंख में मिर्च का पाउडर डालने के बाद भी प्रभाकर ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने एक बदमाश को दबोच लिया और रुपयों से भरा बैग भी छीन लिया। तभी आसपास के लोग पहुंच गए और पकड़े गए बदमाश को पीटना शुरू कर दिया। हर कोई प्रभाकर की दिलेरी की चर्चा करता रहा।