शहीद की पत्नी को स्मृ ति चिह्न मिलते ही डबडबा गईं आंखें
प्रतापगढ़ के साथ ही अमेठी और सुल्तानपुर के शहीदों के परिजनों को एनसीसी आफिस में किया गया सम्मानित संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। शहीद लांस नायक अजीत कुमार मिश्र की पत्नी प्रीता मिश्रा की आंखें 17 साल बाद एक बार फिर बृहस्पतिवार को उस समय डबडबा गईं जब ब्रिगेडियर केपी कृष्ण कुमार ने उन्हें प्रधानमंत्री से हस्ताक्षरित स्मृति चिह्न प्रदान किया। सुल्तानपुर जिले की रहने वाली प्रीता भावुक हो उठीं।
बृहस्पतिवार को शहर के सदर बाजार स्थित 18 यूपी बटालियन एनसीसी में आयोजित शहीदों को शत-शत नमन कार्यक्रम में प्रयागराज के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर केपी कृष्ण कुमार ने प्रतापगढ़, अमेठी और सुल्तानपुर के शहीदों के परिजनों को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। शहीदों के परिजनों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि शौर्य और अदम्य साहस के साथ दुश्मनों का मुकाबला करते हुए अपने प्राणों को न्योछावर करने वाले शहीदों के परिवारों के साथ सेना सदैव खड़ी है। उन्होंने कहा कि अगर किसी परिवार की कोई समस्या है तो, उसे जिला प्रशासन के सहयोग से हल करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि पेट्रोलपंप और गैस एजेंसी के आवंटन में शहीद परिवारों को वरीयता दी जाएगी।
इसके पूर्व ब्रिगेडियर केपी कृष्ण कुमार ने शहीदों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया। बटालियन के कमांडिंग ऑफीसर कर्नल लक्ष्मी श्रीनिवासन ने गर्मजोशी से ब्रिगेडियर का स्वागत किया। एनसीसी के कैडेटों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। ब्रिगेडियर ने विभिन्न कॉलेजों में चलाई जा रही एनसीसी की गतिविधियों की जानकारी ली। कार्यक्रम में प्रभारी कर्नल आरके सिंह, सूबेदार मेजर हुकूम सिंह, पवन प्रकाश व्दिवेदी ,शीतला प्रसाद तिवारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
इन शहीदों के परिजनों को मिला सम्मान
ब्रिगेडियर ने ग्रे नेडियर राधेश्याम की विधवा रामावती, राइफलमैन रहमतउल्ला की विधवा जैतून, लांस नायक राजीव कुमार शुक्ला की विधवा शैली, हवलदार मान सिंह यादव की विधवा विद्यावती, राइफलमैन आजाद गुल की विधवा आलिया बेगम, नायब सूबेदार मो. नईम की विधवा सरफुलनिशा, राइफलमैन रामनिहोर यादव की विधवा शिव कुमारी, सिपाही रामतीरथ पांडेय की विधवा सीता देवी, गार्डमैन रामशिरोमणि की विधवा ललिता देवी, गार्डमैन राधेश्याम मौर्य के पिता आरएन मौर्य, गार्डमैन पवन कुमार तिवारी की विधवा माया देवी को प्रधानमंत्री के हस्ताक्षर वाला स्मृतिचिह्न भेंट किया।