राजगढ़ के दानपुर रेलवे क्रॉसिंग पर फंसी रसोई गैस सिलेंडर लदी मैजिक।
- फोटो : प्रतापगढ़
दुर्ग से गोरखपुर जा रही नौतनवा एक्सप्रेस शुक्रवार को दुर्घटनाग्रस्त होने से बच गई। प्रतापगढ़-इलाहाबाद रेलमार्ग पर स्थित दानपुर गांव के समीप गैस सिलेंडर लदी मैजिक रेल लाइन के बीच फंस गई। इस बीच नौतनवा एक्सप्रेस आ गई। यह देख मैजिक चालक के हाथ-पांव फूल गए। चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया। ट्रेन करीब आधे घंटे तक खड़ी रही। मजे की बात यह है कि आरपीएफ को इसकी जानकारी दो घंटे बाद हुई।
विश्वानाथगंज स्टेशन क्रास करने के बाद नौतनवा एक्सप्रेस तेजी से प्रतापगढ़ की ओर आ रही थी। दानपुर गांव के निकट गलत तरीके से ट्रैक पार कर रही एक मैजिक लाइन के बीचोबीच फंस गई। उस पर गैस सिलिंडर लोड था। सामने लाइन में मैजिक खड़ी देख चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। ट्रेन रूकने के बाद यात्री नीचे उतर गए।
मुसाफिरों ने खुद से मैजिक पर लदे सिलेंडर को उतारा, फिर धक्का लगाया और काफी मशक्कत के बाद डाला मैजिक को लाइन से बाहर कराया। लापरवाही के लिए लोगों ने मैजिक ड्राइवर को खरीखोटी भी सुनाई। रास्ता साफ होने के बाद ट्रेन आगे बढ़ी। खास बात यह है कि ट्रेन ड्राइवर ने फौरन इसकी जानकारी किसी को नहीं दी। गाड़ी प्रतापगढ़ से निकल गई, तब तक रेल प्रशासन को घटना के बारे में नहीं पता था।
सोशल मीडिया पर खबर चली तो पड़ताल शुरू हो गई। घटना के करीब दो घंटे बाद आरपीएफ प्रयाग को पता चला। सूचना मिलते ही पुलिस वाले हरकत में आ गए। प्रतापगढ़ आरपीएफ के साथ मिलकर मैजिक चालक की तलाश शुरू कर दी। इंस्पेक्टर प्रयाग बीके यादव ने बताया कि दानपुर गांव के पास गैस सिलिंडर लदी मैजिक ट्रैक पर फंस गई थी। गैरकानूनी तरीक़े से जा रही थी। इससे ट्रेन हादसा हो सकता था। चालक की तलाश की जा रही है।
मैजिक चालक लहराने लगा था लाल गमछा
मैजिक चालक ट्रेन को करीब आते देख अपने पास रहा लाल रंग का गमछा लहराने लगा। यह देख चालक ने अनहोनी की आशंका में ट्रेन रोक दी।