पुलिस का दावा, बेबुनियाद थे कुंडा से सपा प्रत्याशी गुलशन यादव के आरोप
नामांकन के बाद पार्टी कार्यालय लौटते समय पिस्टल लेकर एक युवक के गाड़ी के सामने आने के सपा प्रत्याशी गुलशन यादव के आरोपों पुलिस ने खारिज कर दिया है। पुलिस ने पिस्टल के साथ पकड़े गए युवक को होटल दुकानदार को धमकाने के मामले में जेल भेजा है।
सपा प्रत्याशी गुलशन यादव शनिवार को नामांकन करने के बाद पार्टी कार्यालय जा रहे थे। उनका आरोप था कि इस दौरान मीराभवन चौराहे पर आशू सिंह जार्डन नामक युवक पिस्टल लेकर उनकी गाड़ी के सामने आ गया और गोली चलाने का प्रयास किया। इस बीच समर्थकों ने उसे दबोच लिया और पीछे से आ रही पुलिस के हवाले कर दिया।
गुलशन ने इस मामले में जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कुंडा के प्रत्याशी रघुराज प्रताप सिंह राजाभैया और निवर्तमान एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह गोपालजी पर हत्या की साजिश रचने की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। चौराहे पर हंगामे के दौरान नगर कोतवाल ने आरोपी युवक को होटल से बाहर निकाला और कोतवाली भेज दिया था।
जांच में असत्य पाए गए गुलशन के आरोप
इस बीच सपा प्रत्याशी गुलशन के आरोपों को देेखते हुए पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल सर्विलांस टीम व स्वॉट टीम के साथ मौके पर पहुंचे। छानबीन के दौरान होटल संचालक दीपनारायण पांडेय ने बताया कि आरोपी युवक मोहल्ले का रहने वाला है। चाय देने में विलंब होने पर उसने दुकान बंद करा दी थी।
इस दौरान दुकान के भीतर सपा कार्यकर्ता भी बैठे थे। पूछताछ के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले। उसमें भी आशू सिंह जार्डन सपा प्रत्याशी की गाड़ी आने से पहले ही होटल आता दिख रहा है। वह परिवार में आयोजित कार्यक्रम का कार्ड भी बांटने निकला था।
फिलहाल रात भर चले घटनाक्रम के बाद कोतवाली पुलिस ने दीपनारायण की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए उसे रविवार को जेल भेज दिया। सीओ सिटी अभय पांडेय ने बताया कि जांच में सपा प्रत्याशी के आरोप झूठे निकले। जिसके चलते आरोपी आशू सिंह उर्फ जार्डन को आर्म्स एक्ट समेत धमकाने के मामले में जेल भेजा गया है।
सपा ने विजय यादव को बनाया एमएलसी प्रत्याशी
समाजवादी पार्टी ने पट्टी के जिला पंचायत सदस्य विजय यादव को विधान परिषद सदस्य का प्रत्याशी बनाया है। पार्टी की ओर से रविवार को विजय यादव को प्रत्याशी बनाने की घोषणा की गई। सपा जिला महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी ने बताया कि विजय यादव को पार्टी ने एमएलसी का प्रत्याशी घोषित किया है।