लीलापुर थाना क्षेत्र के देवली गांव में तिलक समारोह में हिस्सा लेने आए युवक की सई नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। युवक को परिजन रात भर खोजते रहे लेकिन पता नहीं चला।
लीलापुर थाना क्षेत्र के देवली गांव में तिलक समारोह में हिस्सा लेने आए युवक की सई नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। युवक को परिजन रात भर खोजते रहे लेकिन पता नहीं चला। शनिवार को सुबह उसकी लाश नदी में उतराई मिली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विज्ञापन
नंदलालपुर राजापुर रैनिया निवासी रमेश कुमार वर्मा पुत्र मेवालाल वर्मा ने लीलापुर पुलिस को बताया कि उसके परिवार का शिवमूरत वर्मा (35) पुत्र रामप्यारे वर्मा अपने मामा रामफेर वर्मा, निवासी देवली थाना लीलापुर के घर पर तिलक समारोह में शामिल होने के लिए आया था। पांच अप्रैल को दिन में दस बजे बिना किसी को बताए देवला देवी मन्दिर के पास सई नदी में नहाने चला गया।
काफी देर न लौटने पर मामा के घर वाले युवक की खोजबीन करने लगे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। दूसरे दिन सुबह करीब आठ बजे सभी लोग नदी की तरफ ढूंढ़ने गए तो शिवमूरत वर्मा का शव नदी में उतराया हुआ दिखाई दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से निकलवाकर युवक के परिजनों को जानकारी दी। जानकारी मिलते ही थोड़ी देर बाद युवक के परिजन मौके पर पहुंचे और शव का पंचनामा कराकर शव लेकर घर चले गए।
विज्ञापन
थोड़ी देर बाद लीलापुर पुलिस ने युवक के घर जाकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले में एसओ सुभाष यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेजा गया है। परिजनों के तरफ से तहरीर दी गई है, लेकिन किसी पर आरोप नहीं लगाया गया। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही अन्य कार्रवाई की जाएगी।