प्रयागराज-अयोध्या राजमार्ग पर देल्हूपुर पुलिस चौकी के सामने शुक्रवार की सुबह बाइक में टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित कार पलट गई। हादसे में बाइक सवार पिता की मौत हो गई, जबकि बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने कार को कब्जे में लेने के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रयागराज जनपद के मऊआइमा थाना क्षेत्र के चौहान का पुरवा निवासी भान प्रताप सिंह (55) अपने बेटे तूफान सिंह (22) के साथ शुक्रवार की सुबह निमंत्रण देने के लिए रिश्तेदारी में जा रहे थे। मानधाता थाना क्षेत्र के देल्हूपुर पुलिस चौकी के पास सामने से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद अनियंत्रित कार पलट गई। बाइक सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने कार में फंसे चालक अभिषेक ओझा निवासी सगरा को बाहर निकाला।
पुलिस ने घायल पिता-पुत्र को मेडिकल कॉलेज भेजा। यहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने भान प्रताप सिंह को प्रयागराज रेफर कर दिया। प्रयागराज ले जाते समय उनकी मौत हो गई। खबर मिलने पर शादी वाले घर में मातम पसर गया। इस मामले में मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।