रायबरेली की ओर जा रही बेकाबू कार की टक्कर से बाइक सवार सास और दामाद की मौत हो गई। हादसे में रोड के किनारे खड़े होकर बस का इंतजार कर रहे भाई-बहन व कार सवार दो लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। नशे में धुत मिले आरोपी कार चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
उदयपुर थाना क्षेत्र पूरे चौहान राकी गांव निवासी शैलेश कोरी (20) बृहस्पतिवार को अपनी सास ननौती पिपरी निवासी निर्मला देवी (55) को लेकर बृहस्पतिवार की शाम चार बजे बाइक से अपने घर आ रहा था। उदयपुर थाना क्षेत्र के अठेहा-परशदेपुर मार्ग पर परानीपुर मोड़ के सामने रायबरेली की ओर जा रही तेज रफ्तार बेकाबू कार ने बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार दामाद व सास की मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल के समीप ही बस की प्रतीक्षा कर रहे भाई-बहन अजय कुमार (22) व रिंकी निर्मल (20) निवासी गदागंज रायबरेली भी हादसे में घायल हो गए। कार चालक बृजेंद्र कैथवास (35) निवासी शेख मोहम्मदपुर थाना कुंडा व उसका साथी सुनील कुमार (34) निवासी अगई थाना लालगंज को भी चोटें आईं।
बाइक को टक्कर मारने के बाद कार रोड किनारे खड्ड में पलट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से चारों घायलों को सांगीपुर सीएचसी भेजवाया। यहां हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने तीन घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। अस्पताल से पुलिस कार चालक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। कार चालक नशे में धुत था। कार से नमकीन व शराब की बोतल भी बरामद हुई है। उधर, हादसे में जान गंवाने वाले दामाद व सास के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।