वाराणसी लखनऊ हाईवे पर आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के नगर गांव स्थित पावर हाउस के समीप सामने बाइक सवार दंपती को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित कार विद्युत पोल से टकराकर खड्ड में पलट गई। कार में सवार तीन लोगों में दो की मौत हो गई, हादसे में बाइक पर बैठी महिला की भी जान चली गई। उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपुर देवसरा पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजवाया। दुर्घटना शनिवार शाम चार बजे के करीब हुई।
आसपुर देवसरा इलाके की नगर स्थित पावर हाउस के समीप वाराणसी लखनऊ हाईवे पर बिहार प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद के ग्राम मारीपुर थाना मनिहारी निवासी मुकेश झा के साथ उनके गांव का विशाल कुमार एक कार से काशी व अयोध्या दर्शन को निकले हुए थे। कार इसी जनपद का ग्राम छपरा मेहा थाना भुसहरी निवासी राजन कुमार राय (42) चला रहा था। शनिवार को यह लोग अयोध्या से दर्शन कर दोपहर बाद वापस घर की ओर जा रहे थे।