शराब गोदाम के कैशियर से सवा आठ लाख की लूट में दूसरे दिन भी पुलिस के हाथ खाली रहे। महुली से सदर बाजार तक सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद भी पुलिस लुटेरों को चिह्नित नहीं कर सकी। नगर कोतवाली व कंधई थाना क्षेत्र से 6 संदिग्ध बदमाशों को उठाकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
नगर कोतवाली के महुली में पोंटी चडढा ग्रुप का अंग्रेजी शराब का गोदाम है। बुधवार को कैशियर अनिल मिश्रा गार्ड सूर्य नारायण पांडेय के साथ बाइक से बैंक में रुपये जमा करने जा रहे थे। बाइक गार्ड सूर्य नारायण पांडेय चला रहा था। बेल्हा देवी पुल से पहले ही दो बाइक से आए छह बदमाशों ने उन्हें घेरने के बाद बाइक को धक्का देकर गिरा दिया। इसके बाद बाइक लेकर भाग निकले। बाइक की डिग्गी में सवार आठ लाख रुपये थे।
लूट की घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन करने लगी। देर रात पुलिस ने कैशियर अनिल मिश्र की तहरीर पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। घटना के दूसरे दिन भी पुलिस बदमाशों को चिह्नित करने में नाकाम रही। महुली से सदर बाजार तक पुलिस ने सीसीटीवी खंगालने के बाद नगर कोतवाली व कंधई से छह संदिग्ध बदमाशों को उठा लिया। पुलिस उनसे पूछताछ कर लुटेरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। सीओ सिटी अभय पांडेय ने बताया कि बदमाशों की तलाश की जा रही है।