मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा में तैनात अपर पुलिस अधीक्षक नितेश प्रताप सिंह के मकान में चोरी करने वालों की तलाश में कोतवाली पुलिस में पुलिस हवा में हाथ पैर चला रही है। चोरी की घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस दो संदिग्धों को उठाकर पूछताछ कर रही है, लेकिन चोरी करने वालों का सुराग नहीं लगा।
नगर कोतवाली के मीराभवन मुर्गी फार्म के करीब एएसपी नितेश प्रताप सिंह का मकान है। मंगलवार की रात बंद मकान में घुसे चोर अलमीरा के लॉकर का ताला तोड़कर जेवरात व रुपये समेट ले गए थे। बुधवार को जानकारी के बाद रिश्तेदार राजेश सिंह मौके पर पहुंचे। उनकी सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस पहुंची और छानबीन कर लौट गई। पुलिस ने राजेश की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश करने लगी। आधा दर्जन से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस चोरों की पहचान नहीं कर पाई है। किरकिरी से बचने के लिए पुलिस ने दहिलामऊ के रहने वाले दो संदिग्धों को उठाया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। नगर कोतवाल सत्येंद्र सिंह ने बताया कि चोरी करने वालों की तलाश में टीम लगाई गई है।