शरारती तत्व लोगों की फर्जी आईडी बनाकर उन्हें बदनाम कर रहे हैं। युवक व युवतियों से जुड़े मामले इस बीच बढ़े हैं। अभी तक फेसबुक पर ही लोगों की फर्जी आईडी बनाई जा रही थी, अब इंस्टाग्राम पर भी फर्जी आईडी बन रही है। ऐसे मामले भी पुलिस के पास पहुंचने लगे हैं। हालांकि फर्जी आईडी के जरिए लोगों को बदनाम करने के चल रहे ट्रेंड के प्रति पुलिस लोगों को जागरूक भी कर रही है। साइबर सेल पर शिकायत दर्ज कराने के बाद ऐसा कृत्य करने वालों की धरपकड़ भी की जा रही है।
-
केस वन
नगर कोतवाली के पूरे ईश्वरनाथ निवासी रितेश कुमार तिवारी का आरोप है कि उसके इंस्टाग्राम पर किसी ने फेक आईडी बनाकर उसे बदनाम करने के लिए आपत्तिजनक मीम्स अपलोड कर दिया है। जबकि वह एक स्कूल में शिक्षक हैं। इससे वह मानसिक रूप से परेशान है।
केस टू-
शहर की रहने वाली एक युवती का अपने दोस्त से दो माह पहले रिश्ते में दरार आ गई। पहले तो वह साथ बिताए पलों को वायरल करने की धमकी देता रहा। अब उसने इंस्टाग्राम पर कुछ आपत्तिजनक तस्वीरे अपलोड कर दी है। इससे युवती मानसिक रूप से परेशान है। पुलिस से मदद लेने पर मुसीबत बढ़ने का भी उसे भय सता रहा है।
-
इन बातों का रखें ध्यान
- फेसबुक और इंस्टाग्राम पर अपनी आईडी बनाते समय प्रोफाइल लॉक जरूर रखें। -अंजान लोगों से दोस्ती नहीं करें। अगर, कोई बदनाम करता है, या फिर फर्जी आईडी के बारे में पता चलता है तो पुलिस की मदद लें।
- इसके साथ ही रिश्तेदार बनकर कॉल करने वालों से सावधान रहें। अगर, कोई रिश्तेदार, दोस्त और परिचित बनकर ई वालेट में रकम भेजने की बात करता है तो बातों में नहीं आए। फोन काट दें। ई वालेट में आने वाले मैसेज को ध्यान से पढ़ लें।
महिला शक्ति के तहत सभी को जागरूक किया जा रहा है। जो भी इस तरह की शिकायतें मिलती हैं। उसकी गहराई से जांच कराकर कार्रवाई भी की जा रही है।
करिश्मा गुप्ता, सीओ सिटी