सह जिला विद्यालय निरीक्षक की टीम के औचक निरीक्षण में मामले का खुलासा होने पर संचालकों को नोटिस थमाया गया। निरीक्षण के दौरान तीन कोचिंग सेंटर बिना रजिस्ट्रेश के चलते मिले। सहायता प्राप्त इंटर कालेज में पठन-पाठन का टीम द्वारा निरीक्षण किया गया।
लालगंज तहसील क्षेत्र में मंगलवार को डीआईओएस के निर्देश पर सह जिला विद्यालय निरीक्षक सुनीलदत्त के नेतृत्व में राजकीय इंटर कालेज के प्रधानाचार्य राजकुमार सिंह व इनारू प्रसाद ने इंटर कालेजाें व कोचिंग संस्थानाें का औचक निरीक्षण किया। टीम सबसे पहले कस्बा स्थित राम अंजोर मिश्र इंटर कालेज पहुंची और पठन पाठन का जायजा लिया। इसके पश्चात टीम कस्बे में ही संचालित कोचिंग संस्थान सेलेक्शन एकेडमी पहुंची। जांच के दौरान चौंकाने वाला मामला सामने आया। कोचिंग संचालक ने 20 छात्राें का रजिस्ट्रशन कराया था और 139 छात्र यहां पढ़ते मिले। इस पर संचालक को नोटिस दिया। इसी क्रम में जांच दल ने सक्सेज कोचिंग सेंटर, विजन कोचिंग सेंटर व मिशन कोचिंग सेंटर का भी निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि तीनों संस्थान बिना रजिस्ट्रेशन के अवैध रूप से संचालित हो रहे हैं। जांच दल ने सभी संचालकाें को नोटिस देते हुए स्पष्टीकरण तलब किया है। जांच में यह भी सामने आया कि कस्बे के कई कोचिंग संस्थान मानक के अनुरूप नहीं संचालित हो रहे हैं। इस पर जांच दल ने कड़ी चेतावनी दी है। सह जिला विद्यालय निरीक्षक सुनील दत्त ने बताया कि अवैध कोचिंग सेंटर संचालकाें को नोटिस दे दिया गया। स्पष्टीकरण मिलने के बाद संचालकोें पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कोचिंग सेंटर में छात्र संख्या के रजिस्ट्रेशन के हिसाब ने टैक्स जमा करना पड़ता है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में इसके लिए एक काउंटर खोला गया है। लेकिन कोचिंग सचालक रजिष्ट्रेशन के नाम पर अफसराें की आंख में धूल झाेंककर राजस्व को चपत लगा रहे। बीस या तीस छात्र संख्या का रजिस्ट्रेशन कराने के बाद धड़ल्ले से सैकड़ों छात्राें को कोचिंग में पढ़ाया जाता है। कार्रवाई नहीं होने से संचालकाें के हौसले बुलंद हैं।