जय हो सुरुज बाबा की...दोहाई दीनानाथ...आपन अर्घ्य स्वीकार करीं देवता। आ पूरा करीं मनसा हमार। इस आराधना के साथ छठ व्रती महिलाओं ने मां बेल्हा देवी धाम स्थित सई घाट पर रविवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया।
छठ पर रविवार को बेल्हा देवी स्थित सई घाट पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। दोपहर तीन बजे के बाद छठ व्रतियों का रेला घाट की ओर निकला। सिर पर दउरा रख पुरुष आगे-आगे व पीछे परिवार की महिलाएं छठ मइया की गीत गाते हुए चलीं। घाट पर अंजुरी से अंजुरी जोड़कर अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को प्रथम अर्घ्य समर्पित किया।
डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य देकर जब श्रद्धालुओं की भीड़ लौटने लगी तो लगा जन सैलाब उमड़ पड़ा। घरों में देर रात तक भजन संध्या का क्रम चलता रहा। सोमवार भोर में व्रती महिलाएं और श्रद्धालु बेल्हा देवी सई नदी घाट पहुंचेंगे। उदीयमान सूर्य (उगते सूर्य) को अर्घ्य देंगी। व्रती महिलाएं ठेकुआ प्रसाद ग्रहण 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण करेंगी।
दंडवत होकर पहुंचे घाट
मनसा पूरी होने पर कई श्रद्धालु बेल्हा देवी धाम पर घर से दंडवत होकर पहुंचे। सई घाट पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य समर्पित किया।
अवधेश्वरनाथ धाम पर उमड़ी भीड़
कुंडा के बाबा अवधेश्वरनाथ धाम शाहपुर में छठ पर्व पर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। मेला प्रबंधन टीम के कोषाध्यक्ष जुगनू ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए फायर ब्रिगेड की मौजूदगी थी। गंगा घाट पर पुलिस कर्मी तैनात थे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में झूमे श्रद्धालु
बेल्हा देवी धाम स्थित राम मंदिर के पास भजन गायकों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छठ मैया के गीतों पर श्रद्धालु झूमते रहे। राधा-कृष्ण का नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा।
घाट पर तैनात रही पुलिस और एसडीआरएफ
श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था के लिए सई घाट पर करीब 200 पुलिस कर्मी तैनात रहे। घाट पर बैरिकेडिंग की गई थी। वहीं, एसडीआरएफ की दो टीमें भी तैनात रहीं। यातायात प्रबंधन के लिए बेल्हा देवी धाम के पास पुलिस लगाई गई।
हंडौर में श्रद्धा के साथ मनाया पर्व
हंडौर स्थित लोनी नदी के तट पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। घाट पर उत्साहित श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से पूजा-अर्चना की।
मां बेल्हा देवी धाम सई घाट पर डाला छठ महापर्व के मौके पर पूजन करते श्रद्धालु। संवाद
मां बेल्हा देवी धाम सई घाट पर डाला छठ महापर्व के मौके पर पूजन करते श्रद्धालु। संवाद
मां बेल्हा देवी धाम सई घाट पर डाला छठ महापर्व के मौके पर पूजन करते श्रद्धालु। संवाद