एलजामताली बाजार में केबिल लाइन में खराबी की वजह से बिजली आपूर्ति व्यवस्था लड़खड़ा गई है। जगह-जगह केबिल लाइन डैमेज हो चुकी है। इससे ब्रेकडाउन की समस्या बनी हुई है। आलम यह कि जामताली बाजार व आसपास के गांवों में चार दिन में सिर्फ दो घंटे ही बिजली की आपूर्ति हो पाई है। उमसभरी गर्मी में बिजली संकट से जूझ रहे उपभोक्ताओं में गहरी नाराजगी है।
रानीगंज डिवीजन के पांडेय तारा बिजली उपकेंद्र से जामताली बाजार व श्रीपुर सहित दर्जनभर गांवों में बिजली की आपूर्ति होती है। बाजार में लटक रहे बिजली के तारों की समस्या को दूर करने के लिए केबिल युक्त एलटी लाइन खींची गई है। जिससे लोकल फाल्ट की समस्या न हो। मगर विभाग की इस पहल से उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल रही है। अलबत्ता, समस्या और गहरा गई है। केबिल लाइन जगह-जगह डैमेज हो चुकी है।
आपूर्ति जैसे ही शुरू होती है, तार धू-धू कर जलने लगता है। इससे आपूर्ति ठप कर दी जाती है। बीते चार दिनों से यह समस्या बनी हुई है। चार दिन में उपभोक्ताओं को सिर्फ दो घंटे ही बिजली मिल पाई है। गांव के मुन्ना दुबे, विकास मिश्रा, राजेश दुबे, अंसार अली, श्रीराम उमरवैश्य, करमचंद उमरवैश्य, सालिकराम उमरवैश्य, दिलीप मोदनवाल, मुश्ताक अहमद, अधिवक्ता राहुल तिवारी का कहना है कि केबिल लाइन डैमेज होने से बिजली नहीं मिल पा रही है। उमसभरी गर्मी में बिजली की समस्या ने बेहाल कर दिया है। इसकी शिकायत भी की जा रही है मगर, कोई सुनने वाला है।