जिले की लालगंज, पट्टी और रानीगंज नगर पंचायत में विकास कार्य कराने के लिए 1.17 लाख रुपये की सौगात मिली है। यह धनराशि स्थानीय विधायकों के प्रयास मिली है। जबकि अन्य टाउन एरिया में विकास कार्य के नाम पर अभी फूटी कौड़ी नहीं मिली है।
टाउन एरिया लालगंज और रानीगंज में विकास कार्य कराने के लिए पंचायत चुनाव के बाद नई किस्त जारी की गई है। रानीगंज में नाली, इंटरलाकिंग के लिए 48.12 लाख रुपये, लालगंज में इंटरलाकिंग और सीसी रोड के लिए 34.23 लाख रुपये मिले हैं। पट्टी टाउन एरिया के लिए 35 लाख रुपये शासन ने अवमुक्त किए हैं। पट्टी टाउन एरिया को अंधेरे से मुक्त करने के लिए 35 लाख रुपये में 12 हाईमास्ट लगाए जाएंगे।
जबकि इसके पहले पट्टी टाउन एरिया में 18 हाईमास्ट लगे हुए हैं। रानीगंज और लालगंज को हाल ही में टाउन एरिया का दर्जा मिला है, इसलिए ग्रामीण परिवेश को बदलकर शहरी किया जाएगा। टाउन एरिया बनने के बाद भी अधिकांश इलाके अभी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। दूसरी तरफ नई नगर पंचायत बनीं कोहड़ौर और पृथ्वीगंज बाजार के लिए कुछ नहीं मिला है।
आवास बनाने के लिए मिलेंगे ढाई-ढाई लाख रुपये
टाउन एरिया में शामिल होने वाले लोगों को आवास बनवाने के लिए 2.50-2.50 लाख रुपये मिलेंगे। यह धनराशि उन लोगों को मिलेगी, जिनके पास पुराना जर्जर मकान है और वह नए सिरे से मकान का निर्माण कराना चाहते हैं। सभी टाउन एरिया में इन दिनों पात्र लाभार्थियों से ऑफलाइन फार्म फरवाया जा रहा है। जल्द ही पात्रता की जांच कर योजना से लाभान्वित किया जाएगा।
टाउन एरिया पट्टी, लालगंज और रानीगंज के विकास के लिए मिली धनराशि से जल्द काम शुरू कराए जाएंगे। टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, सिर्फ निर्माण कार्य प्रारंभ होना बाकी है। सुनीता सिंह, पीओ, डूडा