पिपरी के मखऊपुर गांव स्थित ससुर खदेरी नदी पुल पर एक प्रेमी युगल ने जमकर हंगामा मचाया। इस दौरान लोग इकट्ठा हुए तो युवती ने पुल से नीचे कूदकर जान देने का भी प्रयास किया। इस दौरान लोगों ने पिपरी पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रेमी युगल को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद छोड़ दिया।
पिपरी कोतवाली क्षेत्र में लोधौर चौकी इलाके के एक युवती गांव के ही युवक से प्रेम करती है। इस बात की भनक जब युवती के परिजनों को हुई तो उसका प्रेमी कानपुर चला गया। पिछले दिनों दीपावली के त्योहार में जब प्रेमी घर आया तो दोनों का प्रेम फिर से परवान चढ़ने लगा। एक दूसरे के साथ जीने और मरने का वादा करते हुए दोनों प्रेमी जोड़े घर छोड़कर बाहर जाने के लिए तैयार हुए।
शाम करीब पांच बजे प्रेमी युगल जैसे ही मखऊपुर गांव स्थित ससुर खदेरी नदी पुल पर पहुंचे तो एक साथ मरने की कसम खाते हुए पुल से नीचे कूद कर जान देने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान वहां पर मौजूद रहे लोगों की नजर जब प्रेमी जोड़े की इन हरकतों पर पड़ी तो सभी लोग सतर्क हो गए और दोनों को बचाने का प्रयास करने लगे।
इस दौरान करीब एक घंटे तक पुल पर प्रेमी जोड़े का हाईवोल्टेज ड्रामा चला। इस बात की जानकारी जब पिपरी पुलिस को हुई तो दल बल के साथ इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे और प्रेमी जोड़े को हिरासत में लिया। देर शाम पूछताछ के बाद दोनों को थाने से छोड़ दिया गया है। प्रेमी जोड़े के इस हाईवोल्टेज ड्रामे को लेकर तरह तरह की चर्चा रही।