कंधई थाना क्षेत्र के पूरे देवजानी गांव में शुक्रवार सुबह बाइक से पहुंचे नकाबपोश दो बदमाशों ने घर में घुसकर कार्यवाहक प्रधान आशीष कुमार तिवारी (35) व उनके बड़े भाई वशिष्ठ तिवारी (40) को गोली मार दी। वारदात के बाद बदमाश फायरिंग करते हुए भाग निकले। गंभीर रूप से घायल दोनों भाइयों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर देख डाक्टरों ने प्रयागराज रेफर कर दिया।
परिजनों द्वारा प्रधानी की रंजिश में वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताने पर पुलिस ने गांव के बीडीसी सदस्य समेत सात लोगों को हिरासत में ले लिया। मौके पर पहुंचे एसपी ने छानबीन करने के बाद आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की हैं। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।
कंधई थाना क्षेत्र के पूरे देवजानी निवासी आशीष कुमार तिवारी को बीते 10 अगस्त को गांव का कार्यवाहक प्रधान बनाया गया था। शुक्रवार की सुबह वह अपने घर में मौजूद थे। उनके बड़े भाई वशिष्ठ तिवारी (40) घर के बाहर काम कर रहे थे। इस बीच बाइक से नकाबपोश दो युवक उनके घर के बाहर गेट पर पहुंचे। दोनों का चेहरा पूरी तरह ढका था।