टेंपो से टकराई आईजी की स्कॉर्ट, एक की मौत
आसपुर देवसरा से लूट की घटना की छानबीन कर लौट रहे थे एडीजी व आईजी
संवाद न्यूज एजेंसी
पट्टी (प्रतापगढ़) । आसपुर देवसरा से लूट की घटना की छानबीन कर लौट रहे प्रयागराज के एडीजी व आईजी की स्कॉर्ट सूमो टेंपो से टकराकर खड्डे में पलट गई। घटना में टेंपो सवार युवक की मौत हो गई। वहीं, दो सिपाही समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए एसआरएन भेजा गया।
आसपुर देवसरा के रामगंज बाजार में गल्ला कारोबारी के मुनीम से हुई लूट की जांच कर प्रयागराज जोन के एडीजी भानु भास्कर, आईजी प्रेम गौतम मुख्यालय लौट रहे थे। उनके पीछे स्कॉर्ट चल रही थी। एएसपी पूर्वी दुर्गेश कुमार ने बताया पट्टी-प्रतापगढ़ मार्ग पर कंधई थाना क्षेत्र के पूरे बाबू गांव के करीब ओवरटेक करते समय स्कॉर्ट वाहन साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर टेंपो से टकरा गया।
टक्कर के बाद दोनों वाहन सड़क किनारे खड्ड में चले गए। हालांकि, घटना के समय पुलिस अफसर दीवानगंज से आगे निकल चुके थे। आसपास के लोगों ने वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला। तभी पट्टी व कंधई पुलिस मौके पर पहुंची।
लोगों की मदद से घायल आरक्षी देवनारायण शुक्ला, योगेंद्र प्रताप सिंह, टेंपो सवार गजरिया निवासी 50 वर्षीय सूर्य नारायण मिश्रा, धूती निवासी 48 वर्षीय छोटेलाल, पट्टी कस्बा निवासी 43 वर्षीय शोभनाथ और जौनपुर के सुजानगंज निवासी 46 वर्षीय राजकेश यादव को पट्टी सीएचसी ले जाया गया। जहां सभी की हालत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज भेजा गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को एसआरएन रेफर कर दिया गया। एसआरएन में इलाज के दौरान छोटेलाल की मौत हो गई।