चौक अस्पताल रोड पर फलमंडी के सामने वाहनों की अवैध पार्किग व दुकानों के अक्रिमण से लगा रहा जाम। सं?
- फोटो : PRATAPGARH
वाहनों की बेतरतीब पार्किंग के चलते रविवार को शहर में भीषण जाम लग गया। चौक से बाबागंज तक वाहन दिनभर रेंगते नजर आए। जाम की वजह से राजापाल चौराहे से चौक तक मरीजों को लेकर मेडिकल कॉलेज जा रहीं एंबुलेंस भी फंसी रहीं। इससे लोगों को परेशान होना पड़ा। पुलिस बेखबर बनी रही।
शहर में राजापाल चौराहे से मेडिकल कॉलेज जाने वाली रोड पर ईरिक्शा चालकों की मनमानी और चार पहिया वाहनों की बेतरतीब पार्किंग के चलते हर दिन जाम लग रहा है। इसी तरह मेडिकल कॉलेज रोड पर चौक, पंजाबी मार्केट, फलमंडी, बाबागंज में दुकानों पर खरीदारी करने पहुंचे लोग सड़क पर मनमाने ढंग से बाइक, स्कूटी और कार खड़ी कर देते हैं। जिससे जाम लग जाता है।
मेडिकल कॉलेज के आसपास श्रीराम तिराहे तक सड़कों के दोनों तरफ पटरियों पर ठेला और रेहड़ी दुकानदारों का कब्जा है। इनकी दुकानों को हटवाने के लिए पुलिस व प्रशासन के अफसरों ने अभियान शुरू किया था, लेकिन बाद में उस पर अमल नहीं किया गया। इसकी वजह से जाम की समस्या दूर नहीं हो पा रही है।
ग्रामीण इलाकों से मरीजों को लेकर महिला अस्पताल व मेडिकल कॉलेज आ रहीं एंबुलेंस जाम में फंस रही हैं। जाम की समस्या को दूर करने के लिए पुलिस को नियमित रूप से ठेलिया दुकानों को हटाकर सड़कों तक खड़े वाहनों का ई- चालान करना आवश्यक है। नगर पालिका की टीम जल्द ही शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत करने की तैयारी कर रही है।