शाडॉ. सोनेलाल पटेल से संबंद्ध राजा प्रताप बहादुर चिकित्सालय में 25 हजर लीटर के फायर टैंक का निर्माण कराया जाएगा। प्राचार्य के पत्र पर शासन ने इसकी स्वीकृति दे दी है। बजट मिलते ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। मेडिकल कॉलेज से संबंद्ध राजा प्रताप बहादुर चिकित्सालय में सौ बेड की महिला और दो सौ बेड की पुरुष विंग का संचालन हो रहा है।
जबकि दो सौ बेड के वार्ड का निर्माण कार्य प्रगति पर है। कुल मिलाकर पांच सौ बेड का मेडिकल कॉलेज होगा। अभी तक मेडिकल कॉलेज में आग से बचाव के लिए किसी प्रकार का बंदोबस्त नहीं किया गया है। सीएमओ ने अग्निशमन विभाग से एनओसी लेकर जमा करने के लिए प्राचार्य को पत्र लिखा था। इस पर प्राचार्य ने फायर विभाग से संपर्क किया। अग्निशमन विभाग ने मेडिकल कॉलेज की जांच कर 25 हजार लीटर का फायर टैंक का निर्माण कराने के लिए कहा।
इस पर प्राचार्य ने शासन को पत्र भेजकर फायर टैंक का निर्माण कराए जाने के साथ वार्डों में पाइप लाइन बिछाए जाने की अनुमति मांगी। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉक्टर आर्यदेश दीपक ने बताया कि शासन ने टैंक निर्माण के लिए अनुमति दे दी है। हालांकि अभी बजट नहीं मिला है। बजट मिलते ही टैंक का निर्माण शुरू करा दिया जाएगा।