रानीगंज अजगरा बिजली उपकेंद्र पर सोमवार रात करीब तीन बजे तेज बारिश के बीच बिजली गिरने से धमाका हुआ। पैनल, ब्रेकर के साथ ही तेजगढ़, देवली, बढ़नी, मोहनगंज फीडर ब्लास्ट हो गया। इससे उपकेंद्र पर मौजूद कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। वहीं, उपकेंद्र से जुड़े 100 से अधिक गांवों की बिजली गुल हो गई।
मंगलवार की सुबह बिजली निगम की टीम इसे दुरुस्त करने में जुटी रही लेकिन देरशाम तक तकनीकी टीम को इसमें सफलता नहीं मिल पाई। बिजली व पानी के लिए लोगों में हाहाकार मचा रहा। लालगंज विद्युत वितरण खंड के रानीगंज अजगरा उपकेंद्र से तेजगढ़, बढ़नी, मोहनगंज, पड़वासी, अजगरा, हरिहरपुर कैलहा, तेलियाही, गाबी महुआबन, बहुचरा, कटैया, साहबगंज, लीलापुर, सराय आनादेव, अमरौना समेत 100 से अधिक गांव जुड़े हैं।
सोमवार की रात करीब 11 बजे गरज-चमक के बीच बारिश शुरू हो गई। रात करीब तीन बजे अचानक उपकेंद्र के मेन ट्रांसफार्मर पर बिजली गिर पड़ी। इससे पैनल, ब्रेकर, बस बार सहित उपकरण जल गए। धमाका इतना तेज था कि उपकेंद्र के कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। बाहर निकले तो पता चला कि बिजली गिरी है। इधर, उपकेंद्र के साथ ही इससे जुड़े गांवों की बिजली गुल हो गई। रातभर अंधेरा छाया रहा।
इधर, मंगलवार को सुबह अवर अभियंता अखिलेश कुमार ने तकनीकी टीम को सूचना दी। उनकी देखरेख में टीम ने उपकरणों को दुरुस्त कराने का कार्य शुरू किया। शाम करीब छह बजे तक कार्य चला। हालांकि इसके बाद भी आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई थी। अवर अभियंता अखिलेश कुमार ने बताया कि रात में बारिश होने पर सभी फीडर बंद कर दिए गए थे, करीब तीन बजे बिजली गिरने से फीडर ब्लास्ट हो गया था, फॉल्ट दुरुस्त कराया जा रहा है।