देहात कोतवाली के सैय्यदन मोहल्ला सिटी में रविवार की रात बिजली मिस्त्री की हत्या प्रेम प्रपंच को लेकर हुई थी। आरोपियों से पूछताछ में यह बात सामने आई है। पुलिस ने युवती समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया है।
सैय्यदन मोहल्ला सिटी निवासी अजय कुमार मौर्य (25) मुंबई में रहकर बिजली के उपकरण बनाने का कार्य करता था। कुछ दिन पहले ही वह मुंबई से घर लौटा था। रविवार की देर रात वह किसी से मोबाइल पर बात करते हुए घर से बाहर निकला। सोमवार सुबह घर से करीब 200 मीटर दूर शव खेत में उसका शव मिला था। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने तीन सगे भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक की हत्या प्रेम प्रसंग को लेकर हुई है। दो सगी बहनों संग नामजद तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी ने भी देहात कोतवाली पहुंचकर हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की गई। सीओ सिटी शिवनारायण ने बताया कि कुछ अहम सुराग मिले हैं। जल्द ही घटना का खुलासा होगा।
पुलिस के आश्वासन पर हुआ अंतिम संस्कार
पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर घर पहुंचे तो सभी रोने-बिलखने लगे। मृतक की मां बेहाल थीं। इसके साथ ही लोगों में गुस्सा भी था। पुलिस ने माहौल को पहले ही भांप लिया था। इसलिए पुलिस अधिकारियों के जल्द से जल्द कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिजनों ने सई नदी खदेरुआ घाट के किनारे रात को शव को दफना दिया।
पिपरी खालसा की रहने वाली थी नदी में मिली युवती
नगर कोतवाली के जिरियामऊ सई नदी पुल के किनारे सोमवार की देर शाम एक अज्ञात 20 वर्षीय युवती का शव मिला था। मंगलवार की शाम मॉर्चरी पहुंचे पिपरी खालसा निवासी रमेश उपाध्याय ने शव की शिनाख्त अपनी बेटी कृति के रूप में की।
पुलिस को बताया कि कृति महुली स्थित आंवला फैक्टरी में काम करती थी। रविवार की सुबह वह घर से साइकिल लेकर काम के लिए निकली। रास्ते से ही वह गायब हो गई। नगर कोतवाल अर्जुन सिंह ने बताया कि परिजनों ने कोई आशंका नहीं व्यक्त की। शव अंतिम संस्कार के लिए ले गए।
गैंगस्टर के तीन आरोपी गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस ने गैंगस्टर के तीन आरोपियों को रामलीला मैदान से पकड़ लिया। पुलिस ने पकड़े गए सदर मोड़ निवासी मो. मुराद, तेलिया चौराहा निवासी अनवर और बेगमवार्ड निवासी रमजान को जेल भेजा।