लालगंज कोतवाली के पूरे जनई में मंच पर तमंचे के साथ डांस करते युवक। संवाद
- फोटो : PRATAPGARH
समारोह के दौरान मंच पर चढ़कर असलहा लहराते हुए डांस व फायरिंग करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामला संज्ञान में आने के बाद छह आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। सभी घर छोड़कर फरार हैं। उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
लालगंज कोतवाली के पूरे जनई में बीते 31 अक्तूबर को एक व्यक्ति के यहां निजी समारोह था। आरोप है कि समारोह के दौरान छह युवक अचानक मंच पर चढ़कर डांस करने लगे। दो युवक ने तमंचा निकाला और हाथ में लहराते हुए डांस करने लगे। वे तमंचे पर पांच मिनट तक डांस करते रहे। इस दौरान हवाई फायरिंग भी की। आयोजकों के समझाने के बाद भी वे मानने के लिए तैयार नहीं थे। दो दिन बाद मंगलवार को तमंचे पर डिस्को व फायरिंग करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा।
इसकी भनक मीडिया के जरिए पुलिस को लगी तो मंगलवार की रात इस मामले में दरोगा जयकिशन की तहरीर पर पूरे जनई निवासी मुकेश सरोज, हरकेश सरोज, अनिल सरोज, इनके पिता व आशीष सरोज समेत मादामई के वचन सरोज के खिलाफ हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में रातभर दबिश दी, लेकिन वे घर छोड़कर फरार हो गए हैं। कोतवाल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी जेल भेजे जाएंगे।