उदयपुर इलाके में बुलेट सवार दो लोगों ने युवक को गोली मार दी। ग्रामीणों ने एक हमलावर को दबोच लिया, जबकि उसका साथी भाग निकला। लोगों ने पकड़े गए आरोपी को पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया। घायल युवक व हमलावर की हालत गंभीर होने पर लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। मामला दो संप्रदायों से जुड़ा होने के कारण बड़ी संख्या में फोर्स मौके पर पहुंच गई।
उदयपुर थाना क्षेत्र के ऊछापुर में रविवार को मामूली कहासुनी को लेकर गांव के मेराज ने हिमांशु गुप्ता पुत्र कल्लू गुप्ता को पीट दिया था। जिसे लेकर देर रात हिमांशु पक्ष के दर्जनों लोगों ने मेराज का घर घेर लिया। कुछ देर बाद पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाबुझाकर शांत कराया और मेराज को हिरासत में लेकर थाने चली गई। सोमवार दोपहर मेराज गुट के दिव्यांग दबंग कुलदीप सिंह (30) पुत्र रामबली सिंह निवासी ऊछापुर पूरे भदवरियन अपने साथी मोनू सिंह पुत्र सुरेंद्र सिंह के साथ बुलेट मोटरसाइकिल से पूरे बेनीडीह गांव पहुंचा।
वहां कुलदीप ने हिमांशु के घर से लौट रहे विकास सिंह (23) पुत्र उदयभान निवासी पूरे धतई को रोक लिया। दोनों के बीच कहासुनी के दौरान मोनू ने विकास की पीठ में गोली मार दी। लोगों को आते देख आरोपी बुलेट छोड़कर भागने लगे। ग्रामीणों ने दिव्यांग हमलावर कुलदीप को दबोच लिया। उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह अधमरा हो गया। दूसरी ओर गोली लगने से घायल विकास को लेकर परिजन ट्रामा सेंटर लखनऊ रवाना हो गए। घायल कुलदीप को भी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद बवाल की आशंका को देखते हुए लालगंज, सांगीपुर, अंतू की पुलिस मौके पर पहुंच गई। एएसपी पश्चिमी शिवाजी शुक्ला भी घटनास्थल पर पहुंचे।