कुंडा कस्बे में रविवार रात आई बारात में एक अनियंत्रित कार ने किशोर समेत दो लोगों को रौंद दिया। इससे किशोर की मौत हो गई, जबकि दूसरे घायल की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं दो लोगों को मामूली चोटें आईं हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक बताए जा रहे युवक को हिरासत में ले लिया।
कोतवाली क्षेत्र के अत्तानगर निवासी जुम्मन के यहां रविवार की रात में बारात आई थी। शादी टीपी कॉलेज में होनी थी। वहीं पर खाने-पीने के साथ ही जयमाल का इंतजाम किया गया था। देर रात बारात लगी और जयमाल होने लगा। इस दौरान कुछ लोग एक कार कॉलेज परिसर से बाहर निकालने का प्रयास करने लगे। अचानक कार अनियंत्रित हो गई और साहिल (15) पुत्र दिलशाद अहमद और हुसैन अहमद (22) पुत्र सिराज अहमद निवासी मऊ रायबरेली को रौंद दिया।
घटना के बाद वैवाहिक स्थल पर हड़कंप मच गया। बारातियों ने दोनों को कुंडा सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें रेफर कर दिया। सूचना पर पुलिस रात में पहुंची और कार के कथित ड्राइवर को कोतवाली उठा लाई। अस्पताल में साहिल की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि हुसैन की हालत गंभीर बनी हुई है। इस मामले में पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई। कुंडा कोतवाल का कहना है कि पुलिस को दुर्घटना की सूचना मिली थी। लोगों के बताने पर ड्राइवर को लाया गया। हालांकि बाद में पता चला कि वह ड्राइवर नहीं है। घटना की कोई तहरीर नहीं दी गई है।