कस्बे में लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर शनिवार रात कार हादसे में दो मजदूराें की मौत हो गई। कार सवार दो अन्य मजदूरों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अनियंत्रित कार रोड किनारे लगे एक स्कूल बोर्ड से टकराने के बाद खड्ड में पलट गई। मृतक आगरा के रहने वाले थे और ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग का काम करने यहां आए थे।
लालगंज में 132 केवीए के पाॅवर हाउस में ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्वि का काम चल रहा है। जिस कंपनी के पास इसका टेंडर था, उसके अधिकारियाें ने कानपुर और आसपास के जनपदाें से मजदूरों को यहां भेजा था। शनिवार रात करीब दस बजे पाॅवर हाउस से कार से चार मजदूर लखनऊ-वाराणसी हाईवे से लालगंज कस्बे की ओर आ रहे थे। संगम चौराहे के समीप किसी जानवर को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर हाईवे के किनारे लगे एक स्कूल बोर्ड से टकराई आैर खड्ड में पलट गई। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखचे उड़ गए।
कार कानपुर के गोविंद की बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह सभी को बाहर निकाला और सीएचसी ले गए। यहां आगरा जिले के ऐतमाद्तपुर थाना क्षेत्र के भागूपुर निवासी कमलेश (26) पुत्र रामसनेही जाटव व ओंकार (25) पुत्र सत्ते को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल रमेश कुमार(27) निवासी कानपुर व शैलू(25) पुत्र ओमप्रकाश निवासी फिरोजाबाद को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दुर्घटना की जानकारी पर ठेकेदार पाॅवर हाउस से ेबिना किसी को कुछ बताए भाग निकला। प्रभारी कोतवाल अमित कुमार पांडेय ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।