देवसरा थाने से महज दस कदम दूर स्थित बाब की शाखा की खिड़की की ग्रिल तोड़कर चोर भीतर प्रवेश कर गए। इस चोरी के दौरान चोर सीसीटीवी कैमरा, डीडी व फिक्स डिपाजिट के ब्लैंक पेपर सहित ग्राहकों के तमाम एटीएम कार्ड उठा ले गए। बैंक में चोरी की इस सूचना पर फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट व डाग स्क्वायड सहित पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर जांच की।
आसपुर देवसरा की बैंक आफ बड़ौदा की शाखा पर रविवार रात चोरों ने खासा दुस्साहस दिखाया। थाने से चंद कदम की दूर स्थित इस शाखा में पीछे की ओर से खिड़की का ग्रिल निकाल कर चोर भीतर घुस गए। सबसे पहले उन्होंने सीसीटीवी कैमरे को क्षतिग्रस्त किया। इसके पश्चात उन लोगों ने कम्प्यूटर प्रिंटर, डीडी व एफडीआर का पूरा बक्सा उठा ले गए। इतना ही प्रबंधक के कमरे में पड़े ग्राहकों के नए एटीएम कार्ड जो वितरित नहीं हो सके उसे उठा ले गए। चोरों ने तिजोरी पर भी धावा बोला लेकिन सफलता नहीं मिली। उनकी मशक्कत के निशान गेट पर मौजूद हैं। सुबह सफाई कर्मी ने जब शाखा का ताला खोला तो वहां का हाल देख वह भौचक रह गया।
उसने सीधे शाखा प्रबंधक को फोन किया। सूचना पाते ही शाखा प्रबंधक धीरज कुमार सिंह सीधे शाखा पर पहुंचे और प्रधान कार्यालय सूचना देने के बाद तहरीर देकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। बैंक में हुई इस घटना की सूचना पर सीओ पट्टी सुकरमपाल सिंह तोमर, डाग स्क्वायड तथा फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट भी मौके पर पहुंचे। देर शाम तक शाखा परिसर में जांच पड़ताल जारी रही। इसके पहले भी वहां के बैंकों में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं।