चोरों ने एक ही रात कई घरों के ताले तोड़ डाले। वे लाखों रुपये के जेवर और नकदी उठा ले गए। कई जगह चोरी का प्रयास भी किया, लेकिन जगहट पर चोर भाग निकले। बाघराय थाना क्षेत्र के देवरपट्टी झंडापुर में चोरों ने करीब छह घरों में वारदात को अंजाम दिया। गांव के रमेश नारायण पांडेय के घर से चोरों ने करीब 15 तोला सोना, तकरीबन ढाई किलो चांदी और लगभगर 50 हजार रुपये पार कर दिया।
इनके बगल में विनोद पांडेय के घर से करीब 37000 रुपये उड़ाए। अनिल कुमार यादव के घर से करीब 12000 नकद और दो जोड़ी पायल उठा ले गए। इसके अलावा बगल के ही राममूर्ति, महारानीदीन, दिलीप आदि के घर का भी ताला तोड़ा, लेकिन घर के दूसरे मंजिल के कमरे खाली थे। परिजन नीचे के कमरों में सो रहे थे। जांच में पुलिस को रमेश नारायण के कमरे से चार जिंदा कारतूस भी मिले।
महेशगंज थाना क्षेत्र के तिरक्षा गांव में राजकुमारी पत्नी राजेंद्र के घर से नकदी, कपड़ा, मनीष पटेल के घर से सोने की जंजीर, नकदी, प्रेमलाल के घर से कपड़ा नकदी, गहने, शिव प्रसाद के घर से जेवर, कपड़े के साथ ही एक हजार नकदी, जगपत के घर से लाखों का गहना, नकदी और अटैची आदि उठा ले गए। इसके अलावा कनावां निवासी सुग्रीव सिंह की गुमटी से भी हजारों रुपये की चोरी की गई। तिरक्षा निवासी अमृतलाल और मेवालाल के घर में भी चोरी का प्रयास किया गया। वहीं कुंडा कोतवाली क्षेत्र के पुराना कुंडा निवासी मो.सलमान की गुमटी तोड़कर हजारों का सामान और नकदी उठा ले गए।