आठवीं की छात्रा को अगवा कर शहर के एक होटल में बंधक बनाकर सामूहिक दुराचार करने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता की मां का आरोप है कि रिश्तेदार ही उसकी बेटी को अगवा कर शहर ले गया। शहर के एक होटल में उसे बंधक बनाकर दोस्तों के साथ मिलकर दुराचार किया। बाद में वह छात्रा को सैफाबाद बाजार में छोड़कर भाग निकला। गुरुवार को पीड़िता मां के साथ कोतवाली पहुंची तो पुलिस ने दूसरे थाने का मामला बताकर उसे टरका दिया।
जौनपुर जनपद के सिंगरामऊ थाना क्षेत्र की एक किशोरी को बीते रविवार को शौच जाते समय उसके एक रिश्तेदार ने अपने दोस्त के साथ मिलकर अगवा कर लिया। आरोप है कि वह किशोरी को लेकर प्रतापगढ़ के होटल में गया। वहां उसने अपने चार दोस्तों के साथ उससे दुराचार किया।
पीड़िता की मां ने पुलिस से शिकायत का दबाव बनाया तो आरोपी उसे गुरुवार को सैफाबाद बाजार में छोड़कर भाग निकला। सूचना पर पीड़िता की मां सैफाबाद पहुंच कर बेटी को ले आई। पता चला कि उसके साथ दुराचार करने वालों में दो आरोपी पट्टी इलाके के भी हैं। उनकी पहचान करने के बाद वह कोतवाली आई और पुलिस से घटना की शिकायत की। दूसरे थाना क्षेत्र का मामला बता कर पुलिस ने उसे लौटा दिया। इस बाबत पूछे जाने पर कोतवाल बताया कि कि महिला बेटी के साथ सामूहिक दुराचार की बात कर रही थी, लेकिन घटनास्थल तथा वादी दोनों दूसरे थाना क्षेत्र के होने के कारण उन्हें संबंधित थाने में जाने के लिए कहा गया।