प्रतापगढ़। कंपनी में कबाड़ लोहा गिराने के बजाए उसे चोरी से बेचने की फिराक में लगे बदमाशों को पुलिस ने दबोच लिया। बदमाशों ने 6 लाख रुपये में लोहा बेचने का सौदा तय किया था। उनके पास से चरस व असलहा भी बरामद हुआ। पुलिस ने तीनों अंतर्राज्यीय बदमाशों को जेल भेज दिया। प्रयागराज व मुंबई में भी लूट की कई घटनाओं को पकड़े गए बदमाशों ने अंजाम दिया है।
पुलिस अधीक्षक एस आनंद ने बताया कि मानधाता व स्वाट टीम मिलकर लुटेरों की तलाश में थी। शुक्रवार की देर रात सूचना मिली कि दारापुर तिराहे पर मैदान में एक ट्रक खड़ा है। जिससे लोहा उतारा जा रहा है। यह लोहा कहीं से चुराया गया है। इस सूचना पर पुलिस ने दारापुर मैदान में छापेमारी की। ट्रक से तीन लोग लोहा उतरवा रहे थे। पुलिस ने सभी को दबोच लिया।
पकड़े गए अफसार अहमद पुत्र रईसुलजमा निवासी जद्दोपुर थाना मानधाता, फैयाज अली पुत्र मोइनुद्दीन निवासी मोइनुद्दीनपुर थाना मानधाता और इश्तियाक अहमद पुत्र नईमुद्दीन निवासी बकराबाद थाना मऊआइमा जनपद प्रयागराज के पास से तलाशी के दौरान चरस, चाकू व दो तमंचा बरामद हुआ। पूछताछ में पकड़े गए मास्टर माइंड अफसार अहमद ने बताया कि फैयाज के ट्रक पर 21 दिसंबर को कमोडिटीज प्राइवेट लिमिटेड आदित्यपुर इंटस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड चैडगरा झारखंड से 86.270 टन लोहा के गार्डर लादे गए थे। जिसे फतेहपुर में स्थित एक कंपनी में पहुंचाना था। लोहे की कीमत पौने सत्रह लाख के करीब है। उसने फैयाज व इश्तियाक की मदद से लोहे को गायब कर फर्जी लूट की घटना की साजिश रची थी।
ताकि उन लोगों को लाखों रुपये मिल सकें। लोहे को दारापुर मैदान में उतरवाकर रखवाने की तैयारी थी। बरामद ट्रक पर लदे लोहे के संबंध में कागजातों की जांच की गई। लोहा झारखंड के रहने वाले अभिषेक ने लोड कराया था। समय पर लोहा जब फतेहपुर नहीं पहुंचा तो अभिषेक ने थाना गमहरिया जिला सरायकिला झारखंड में फैयाज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। तीनों बदमाशों ने लोहे का प्रयागराज के एक कबाड़ कारोबारी से 6 लाख में सौदा किया था। तीनों को पुलिस ने जेल भेज दिया। अफसार बदमाशों का सरगना है। उसने कई लूट की घटनाओं को अंजाम दिया है।