इलाके में आई एक मनोरोगी महिला के साथ मंगलवार की रात दरिंदे ने दुष्कर्म कर इंसानियत को शर्मसार कर दिया। हद तो तब हो गई जब सूचना के बाद भी पुलिस महिला की मदद को आगे नहीं आई। जेठवारा थाना क्षेत्र के बलीपुर गांव में दो दिनों से एक 30 वर्षीय मनोरोगी महिला टहल रही थी। मंगलवार की रात सूनसान इलाका देख एक पेड़ के नीचे बैठ गई। स्थानीय लोगों की मानें तो महिला के साथ रात में किसी ने दुष्कर्म किया।
उसके शरीर पर कई जगह नाखून के खराेंच के निशान थे। बुधवार की सुबह अस्त-व्यस्त कपड़ों में खून से लथपथ महिला पेड़ के नीचे पड़ी थी। शौच को गई महिलाओं ने देखा तो घर में जानकारी दी। यह खबर आग की तरह पूरे गांव में फैल गई। देखते ही देखते स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने इसकी सूचना इलाकाई पुलिस को दी। लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। बुधवार दोपहर तक महिला का कहीं इलाज नहीं हो सका। इससे स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति गुस्सा है। गांव के कई लोगों ने इसकी शिकायत एसपी से करने की बात कही है।