पट्टी (ब्यूरो)। आसपुर देवसरा इलाके के ढखवा बाजार में सोमवार रात चोरों ने जमकर तांडव मचाया। पांच दुकानों व एक मकान में घुसकर जमकर मनमानी की। महिला को बंधकर बनाकर लाखों के जेवर लूट ले गए। विरोध करने पर महिला को तमंचे की बट से मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने केवल सर्राफ की तहरीर पर चोरी का मामला दर्ज किया है। महिला को बंधक बनाकर लूटने के मामले में पुलिस ने बताया कि उसकी तहरीर नहीं आई।
सोमवार रात ढखवा बाजार चोरों के पूरी तरह निशाने पर रहा। सबसे पहले इब्राहिमपुर रोड पर आशीष सोनी की दुकान का शटर तोड़कर हजारों के जेवर व आर्टिफिशियल ज्वैलरी उठा ले गए। इसके बाद सलमान के जूते चप्पल की दुकान का ताला तोड़ा, लेकिन गल्ले में पैसा न पाकर वापस चले गए। इसी तरह कुलदीप सोनी का भी शटर तोड़ा गया, लेकिन जेवरात न रखे होने के कारण वहां से भी निकल गए। इसी तरह रामजी सोनी की दुकान में सेंध लगाई गई, लेकिन हासिल कुछ न कर सके।
इस बीच चोर कन्हैया लाल के आवास पर आ गए और उसकी पत्नी गुड्डी को तमंचे के बल पर बंधक बनाकर शरीर के जेवरात समेत आलमारी में रखे जेवर उिठा ले गए। पीड़िता की मानें तो विरोध पर उसे तमंचे की बट से मारा भी गया। सूचना पर पुलिस मौके को जांच के लिए पहुंची। इन घटनाओं की बाबत पूछे जाने पर एसओ आसपुर देवसरा बीके शुक्ल ने बताया कि सर्राफ की तहरीर पर चोरी का मामला दर्ज किया गया है।