जेठवारा पुलिस ने चोरी के आरोप में वांछित चले रहे दो अभियुक्तों को खटवारा पुल के पास दबोच लिया। जबकि तीन आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के पास से कई मोबाइल सेट बरामद किया।
सईं काम्प्लेक्स में एसपी एमपी वर्मा ने पत्रकारों को बताया कि चोरी के आरोप में वांछित चल रहे लालगंज के डीहमेंहदी बाबूगंज निवासी बब्लू उर्फ गौरीशंकर पुत्र पवन जायसवाल, व जेठवारा के बरापुर भीख निवासी मोनू उर्फ राजू पुत्र रवींद्र यादव को जेठवारा पुलिस ने लोनी नदी के किनारे स्थित खटवारा पुल के कच्चे रास्ते पर से 4 गिरफ्तार कर लिया। जबकि अन्य तीन अभियुक्त जेठवारा के खटवारा निवासी कपिल पठान पुत्र मुस्तकीम, कुटिलिया साड़देई निवासी जफरुल पुत्र शौकत व सरांयमकई निवासी वसीम पुत्र डॉ. जमील मौके से फरार हो गए।
पकड़े गए आरोपी बब्लू जायसवाल के बैग से 12 मोबाइल सेट व मोनू के पास से 6 मोबाइल सेट बरामद किए गए हैं। एसपी ने बताया कि
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि 26 अगस्त की सायं 4.30 बजे सरांयमकई पुल के पास से पूरे ईश्वरनाथ निवासी मोबाइल डिस्ट्रीब्यूटर विमल श्रीवास्तव से तमंचे की नोक पर कई कंपनियों से 60 मोबाइल सेट व 17 हजार 500 रुपये छीनकर बाबूगंज की ओर भाग गए थे। आरोपियों के अनुसार इस वारदात में फरार हुए तीन अन्य आरोपियों ने भी उनका साथ दिया था। एसपी ने चोरों को दबोचने वाली टीम को इनाम देने का ऐलान किया है।
एक ही रात में तीन दुकानों के टूटे ताले
कुंडा(ब्यूरो)। एक ही रात में चोरों ने दो दुकानों का ताला तोड़कर नकदी समेत लाखों रुपये का समान उठा ले गए। एक अन्य घटना में भी दुकान में सेंध लगाकर चोरों ने हजारों रुपये का सामान गायब कर दिया। सुबह इसकी जानकारी होने पर पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी। हथिगवां थाना क्षेत्र के स्थानीय बाजार के चौराहे पर अशोक कुमार ने मोबाइल की दुकान खोल रखी है। सोमवार की रात चोर शटर के नीचे जग लगाकर उसे उठा दिए। इससे शटर टेढ़ा हो गया। इसके माध्यम से चोर अंदर घुस गए और दुकान में रखा लैपटाप, टीवी, मोबाइल, हार्ड डिस्क सहित 18 हजार रुपये की नकदी उठा ले गए। अशोक का कहना है कि उसका लगभग दो लाख रुपये का सामान गायब हुआ है। इसी दुकान के बगल में लालचंद की हार्डवेयर की दुकान है। चोरों ने उसका भी शटर तोड़ दिया और दुकान में एक लाख रुपये की नकदी जो व्यापारी को देने के लिए रखा था उठा ले गए। इसके अलावा भी सात हजार की नकदी गल्ले में रखी थी। वह भी चोर उठा ले गए। उधर मानिकपुर के बड़गों गांव निवासी रोशनलाल ने भड़चक बाजार में मोबाइल की दुकान खोल रखी है। सोमवार की रात चोरों ने उसकी दुकान में सेंध लगा दी। इसके साथ ही उसकी दुकान में रखे 30 हजार का सामान उठा ले गए। सुबह आसपास के लोगों की सूचना पर वह दुकान पहुंचा तो उसके होश उड़ गए। सभी घटनाओं में पीड़ितों ने संबंधित थानों में तहरीर दी है।