मानधाता/विश्वनाथगंज। प्रतापगढ़ में हत्याओं का दौर जारी है। मानधाता इलाके में स्वतंत्रता दिवस के दिन क्रिकेट खेलने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। फायरिंग के दौरान गोली लगने से उसका भांजा भी घायल हो गया। हमलावरों ने बीचबचाव करने पहुंचे युवक को भी जमकर पीटा। आक्रोशित लोगों ने दो आरोपियों के घरों में तोड़फोड़ कर बाइक चकनाचूर कर दिया। बवाल की खबर पर एसपी कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। जिसके बाद हालात पर काबू पाया जा सका। परिवारीजनों ने मानधाता थाने का घेराव किया। आईजी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपियों को पकड़ने का आदेश दिया।
मानधाता थाना क्षेत्र के कलानी में शिवबहादुर सिंह की बाग में 15 अगस्त को कुछ युवक क्रिकेट खेल रहे थे। जहां किसी बात को लेकर ननिहाल में रहने वाले संदीप कुमार (28) पुत्र मोतीलाल निवासी बुजहा और रोहित कुमार पुत्र राजेश कुमार से कहासुनी होने लगी। विवाद बढ़ने पर रोहित के पक्ष से कई लोग आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो साथियों के आने के बाद रोहित संदीप को पीटने लगा। भांजे की पिटाई की खबर सुनकर मामा राकेश कुमार सरोज (30) पुत्र सूरजदीन भागकर पहुंचा। इस पर हमलावर फायरिंग करने लगे। इस दौरान गोली राकेश कुमार के पेट में जा लगी। जिससे उसकी आंत बाहर निकल आई। भांजे संदीप के पेट व पैर में छर्रे लगे। बीच-बचाव कर रहे मनोज कुमार (25) पुत्र जोखूलाल को लाठियों से पीटकर घायल कर दिया। शोरशराबे व फायरिंग होते देख आसपास के लोग दौड़े। लोगों को आते देख हमलावर भाग निकले। गंभीर रूप से घायल मामा-भांजे को जिला अस्पताल लाया गया। जहां डाक्टरों ने राकेश को मृत घोषित कर दिया और संदीप की हालत गंभीर देख इलाहाबाद रेफर कर दिया। राकेश के मौत की खबर घर पहुंची तो कोहराम मच गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने रोहित कुमार व मन्नू तिवारी के घर पर धावा बोलकर तोड़फोड़ शुरू कर दी।
घर के बाहर खड़ी बाइक तोड़ डाली। पुलिस के पहुंचने पर लोग वहां से हटे। बवाल की खबर मिलने पर पुलिस अधीक्षक देवरंजन वर्मा, एएसपी पूर्णेंदु सिंह, एएसपी पश्चिमी शिवाजी शुक्ला कई थानों की फोर्स लेकर पहुंचे। गुरुवार को मृतक के परिवारीजनों ने मानधाता पुलिस की मनमानी के विरोध में थाने का घेराव किया। आरोप लगाया कि हत्या का मुकदमा नहीं लिखा गया है। मृतक के पिता सूरजदीन की तहरीर पर पुलिस ने रोहित कुमार, अनूप तिवारी पुत्र कन्हैयालाल, मन्नू तिवारी पुत्र केशव प्रसाद तिवारी निवासी कलानी और शिवम सिंह व विपिन सिंह निवासी चंघईपुर के खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। आईजी मोहित अग्रवाल भी घटनास्थल पर पहुंचे और मातहतों को आरोपियों को पकड़ने का निर्देश दिया। एएसपी पूर्वी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।