चोरी की घटनाओं से पुलिस की नाक में दम कर देने वाले सगे भाई समेत चार शातिर चोरों को महेशगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 24 मोबाइल समेत अन्य चोरी के सामान बरामद हुए। यह लोग बाघराय, महेशगंज समेत अन्य क्षेत्रों में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने सभी को जेल भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक एस आनंद ने बताया कि बाघराय, महेशगंज और संग्रामगढ़ में लगातार चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए मातहतों को निर्देश दिया गया था। सीओ सदर बबिता सिंह की अगुवाई में पुलिस चोरों की तलाश कर रही थी।
बुधवार की रात महेशगंज थानाध्यक्ष पुलिसकर्मियों के साथ पटना नहर चैराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान सूचना मिली कि मक्ताहर पुल पर कुछ लोग चोरी की फिराक में बैठे हैं। पुलिस ने दबिश दी। घेराबंदी करते हुए तीन युवकों को दबोच लिया। पकड़े गए अनिल गौतम व राजेश गौतम पुत्र संतलाल गौतम निवासी बाबू का पुरवा नरियावां थाना महेशगंज व एक किशोर को पुलिस ने कर्रा किया।
पूछताछ में अनिल और राजेश ने बताया कि डेढ़ महीने के अंदर उन लोगों ने पटना चौराहे पर मनोज कुमार यादव की मोबाइल की दुकान में दो बार चोरी की घटना को अंजाम दे चुके हैं। पहली बार 17 मोबाइल, एलईडी बल्ब व बिजली का अन्य सामान समेट ले गए थे। दूसरी बार सात मोबाइल व बिजली का सामान चुराए थे। उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान किशोर के घर से बरामद हुआ। अनिल गौतम के पास से जेवरात व अंगूठी बरामद हुई। अनिल गौतम व किशोर ने बताया कि दोनों ने चंपतपुर में श्रीनाथ पाल के घर चोरी की थी।
उसके घर से बरामद अंगूठी व पायल मिली थी। दूसरे जेवरात लोगों को बेच दिए थे। बाघराय के खरैलाराम कोला में करीब सात दिन पहले चोरी की घटना को अंजाम दिया था। चोरी में जो सामान मिला था, उसे राह चलते लोगों को बेच दिया था। चुराया गया कंबल बचा है। जिसे कोमल सरोज पुत्र नंदलाल निवासी बाबू का पुरवा थाना महेशगंज को दिया है। उसे चोरी के दो मोबाइल भी दिए हैं। कोमल चोरी का सामान चुराकर रखता है। पुलिस ने कोमल को भी दबोच लिया। एसपी ने पुलिस टीम को 10 हजार रुपये का पुरस्कार दिया है।
चोरी के बरामद सामान
महेशगंज पुलिस ने चोरों के पास 24 मोबाइल, आठ चार्जर, 16 मोबाइल लीड, 24 एलईडी बल्ब, 8 दीवार होल्डर, 18 मल्टी प्लग, एक डीसी सप्लाई प्लेट, 3 डिस कार्ड, लोहे का डिब्बा, बिजली के तार, स्ट्रीट लाइट, शावर, सब्बल, कटर प्लास समेत अन्य सामान बरामद किए हैं।
मेड इन जर्मनी का चापर रखते थे
महेशगंज पुलिस के हत्थे चढ़े शातिर चोर अपने पास चाकू व चापर रखते थे। बरामद चापर पर मेड इन जर्मनी लिखा हुआ था। जिसे अनिल अपने पास रखता था।
महंगे शौक ने बना दिया चोर
महेशगंज पुलिस के हाथ लगे अनिल गौतम और राजेश गौतम सगे भाई हैं। उन्होंने इंटर तक पढ़ाई की है। लोगों को ब्रांडेड कपड़े व स्मार्ट फोन चलाते देख उनके मन में भी शौक पनपने लगा। दोनों भाइयों ने अपने गांव के ही कोमल को भरोसे में लिया। जबकि दोनों के साथ लालगंज कोतवाली का एक किशोर भी वारदात को अंजाम देने जाता था।