मंगलवार को बिजली की आंखमिचौली से दिनभर शहरी गर्मी से बेहाल रहे। लोकल फाल्ट की समस्या से बिजली की आवाजाही लगी रही। खामियों को दुरुस्त करने में विद्युतकर्मी पूरे दिन मशक्कत करते रहे। उपकेंद्रों पर उपभोक्ताओं के फोन घनघनाते रहे।
भीषण गर्मी में शहरियों को लोकल फाल्ट की समस्या खूब परेशान कर रही है। फ्यूज उडने, केबिल जलने, तार टूटने की घटनाएं तकरीबन हर रोज हो रही हैं। जिसे दुरुस्त कर आपूत बहाल करने में विद्युत विभाग को घंटों पसीना बहाना पड़ रहा है। मंगलवार को लोकल फाल्ट की समस्या से दिनभर बिजली की आवाजाही लगी रही। शहर के मीराभवन, दहिलामऊ, बेगमवार्ड, शिवजीपुरम में जगह-जगह फ्यूज उडने व केबिल जलने से आपूत ठप हो गई। इसी तरह जोगापुर, रूपापुर, देवकली में भी लोकल फाल्ट के चलते लोगों को कटौती का दंश झेलना पड़ा। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आपूर्ति व्यवस्था बहाल हो सकी। इसी तरह रूपापुर, दहिलामऊ, बाबागंज व कादीपुर में जगह-जगह लोकल फाल्ट के चलते आपूर्ति बाधित रही। दिनभर बिजली की आवाजाही लगी रही। एसडीओ अजीत यादव ने बताया कि लोकल फाल्ट की सूचना पर टीमों को मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है।