दो जिलाें की सीमा के बीच उलझा गैंगरेप का मामला आखिरकर प्रतापगढ़ जिले के कोहंडौर थाने के खाते में आ गया। दोनाें जिलों की पुलिस ने सोमवार देर शाम घटनास्थल पर ग्रामीणाें से तस्दीक करनेे के बाद अपनी सीमा तय की और कोहंडौर पुलिस को मामला दर्ज करना पड़ा। मामला संज्ञान में आने के बाद एसपी, एएसपी पूर्वी, सीओ सिटी, महिला एसआई भी कोहंडौर पहुंचीं।
कोहंडौर थाना क्षेत्र के मदाफरपुर बाजार के निकट सुल्तानपुर जिले के एक गांव की छात्रा 5 दिसंबर को कालेज से अपना बीए का अंकपत्र लेकर घर आ रही थी। वह सुल्तानपुर के लंभुआ थाना क्षेत्र के चौकिया डिग्री कालेज में पढ़ती थी। गांव के निकट पहुंचने पर तीन युवकों ने उसे साइकिल से घसीटकर अरहर के खेत में दुष्कर्म किया। घटना के बाद सुल्तानपुर और प्रतापगढ़ की पुलिस सीमा विवाद में उलझ गई और पीड़िता से अपना पिंड छुड़ाने लगी। सोमवार को मामला सत्ता के गलियाराें तक पहुंचा तो दोनाें जिलाें की पुलिस परेशान हो उठी।
दोनाें जिलाें की पुलिस शाम को घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणाें से बातचीत के बाद पता चला कि घटना स्थल न केवल प्रतापगढ़ जिले में आता है बल्कि वह खेत भी इसी जिले के व्यक्ति का है। देर रात पीड़िता की तहरीर पर कोहंडौर थाना क्षेत्र के सराय रजई गांव निवासी सद्दाम, कादिर और गोथुआ के शफीक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। रात में ही सीओ सिटी एमपी सलोनिया के साथ पुलिस ने आरोपियों के यहां दबिश दी लेकिन सभी फरार थे। सीओ ने बताया कि आरोपियों को एफआईआर का पता चल गया और वे भाग निकले। उनकी तलाश की जा रही है। एसपी अनंतदेव, एएसपी पूर्वी ब्रजेश मिश्र भी कोहंडौर पहुंचे और आरोपियाें की गिरफ्तारी के लिए एसओ कोहंडौर को कड़ा निर्देश दिया।
गैंगरेप पीड़ित छात्रा का कोहंडौर पुलिस ने मंगलवार को जिला महिला अस्पताल में मेडिकल कराया। सूत्राें के अनुसार पीड़िता को चोट तो नहीं पाई गई लेकिन बलात्कार के लक्षण मिले हैं। ऐसे में मेडिकल करने वाले डाक्टर ने स्लाइड टेस्ट कराने का फैसला लिया। साथ ही डीएनए टेस्ट के लिए बाल, नाखून, खून का सेंपल सुरक्षित कर लिया।
दो जिलाें की सीमा पर सुल्तानपुर निवासी छात्रा के साथ गैंगरेप के मामले को लेकर तनाव है। एक आरोपी तो छात्रा के गांव का ही है लेकिन दो प्रतापगढ़ के। तीनों आरोपी गैर बिरादरी के हैं। ऐसे में सीमा पर खासा तनाव है।