भीमपुरा थाना क्षेत्र के कसौंडर ग्राम के समीप सोमवार शाम
सराफा से लूटकांड में खुलासे के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित की है।
सराफा
दूकान बंद कर बाइक से घर जा रहा था, तभी गोली मारकर वाहन सहित लाखों की लूट
की गई। इस मामले में पुलिस ने सोमवार को रात में ही तीन अज्ञात लोगों के
खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छापेमारी शुरू कर दी।
हालांकि रातभर छापेमारी के
बावजूद लुटेरे पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
लूट की घटना के खुलासा के
लिए पुलिस अधीक्षक राजबाबू सिंह ने तीन टीमों का गठन किया है। इस बीच
पुलिस ने मंगलवार को भीमपुरा-रतनपुरा मार्ग पर बाहरपुर ग्राम के समीप लूटी
गई बाइक बरामद कर लिया।
हालांकि पुलिस बाइक बरामदगी के बारे में कुछ भी
बताने से परहेज कर रही है।
मऊ जनपद के हलधरपुर थाना क्षेत्र के बेलौंझा
निवासी सुनील सोनी कसेसर चट्टी स्थित अपनी सराफा की दूकान सोमवार की शाम
बंद कर मुनीम के साथ अपने घर जा रहे थे।
वह कसौंडर स्थित एसबीआई शाखा के
समीप पहुंचे ही थे कि एक बाइक पर हथियारबंद तीन बदमाशों ने वाहन रोककर उनके
पैर में गोली मार दी। इसके बाद कारोबारी की बाइक और मोबाइल के साथ 75 हजार
रुपये नकद व सोने, चांदी के जेवरात लूटकर भाग निकले।
कारोबारी की मानें तो
उनकी बाइक की डिक्की में 75 हजार नकद और लाखों के सोने तथा चांदी का
जेवरात रखे थे। इस मामले में पुलिस ने तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का
मुकदमा पंजीकृत किया है। लूट के शिकार सराफा कारोबारी का उपचार जिला
अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस अधीक्षक राजबाबू सिंह ने घटना की पूरी
जानकारी लेने के बाद इस मामले के शीघ्र खुलासे के लिए तीन अलग-अलग टीमों का
गठन किया है। पहली टीम पुलिस क्षेत्राधिकारी रसड़ा सुरेश चंद रावत, दूसरी
टीम स्वाट प्रभारी तथा तीसरी टीम भीमपुरा तथा हलधरपुर थानाध्यक्ष के
संयुक्त नेतृत्व में गठित की गई है।