नगर कोतवाली के गायघाट रोड दहिलामऊ में जमीन के विवाद में रविवार की सुबह टेंपो से खींचकर कृष्णपाल सिंह (75) को बाइक सवार लोगों ने गोली मार दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल भेजा, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तहरीर मिलने पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए हत्यारोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक, एएसपी व सीओ सिटी भी मौके पर पहुंचे।
नगर कोतवाली के पूरे केशवराय निवासी कृष्णपाल सिंह उर्फ हल्के सिंह अपने परिवार के साथ इलाहाबाद-फैजाबाद रोड स्थित बाबागंज के मकान में रहते थे। रविवार की सुबह वह अपने गांव वाले घर जाने की बात कहकर निकले। घर व खेत की फसल देखने के बाद फिर शहर के लिए चल पड़े। रास्ते में टेंपो पर सवार हो गए। सई नदी का पुल पार करने के बाद दहिलामऊ के करीब पीछे से बाइक लेकर आए दो लोगों ने टेंपो को रोक लिया और कृष्णपाल को बाहर खींचकर उनके सीने व पेट में गोली मार दी। फायर की आवाज सुनकर लोग दौड़े, लेकिन बदमाश पिस्टल लहराते हुए गड़वारा की ओर भाग निकले। टेंपो चालक वहां से सवारियां लेकर भाग निकला।
जानकारी मिलने पर चौकी इंचार्ज सिविल लाइन मौके पर पहुंचे और सड़क किनारे पड़े कृष्णप्रताप को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हत्या की खबर मिलते ही एसपी माधव प्रसाद वर्मा, एएसपी पूर्वी स्वामीनाथ, सीओ सिटी शशिशेखर दीक्षित मौके पर पहुंचे। मृतक के परिजनों से पूछताछ के बाद कोतवाली पुलिस हत्यारोपियों की तलाश में दबिश देने लगी। इस मामले में मृतक कृष्णपाल सिंह के बड़े बेटे बालेंद्र भूषण सिंह की तहरीर पर पुलिस ने उनके भाई रवींद्र सिंह, भतीजे सुभाष सिंह समेत तीन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया। नगर कोतवाल हरिपाल सिंह ने बताया कि हत्यारोपी रवींद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पैतृक संपत्ति को लेकर भाइयों के बीच काफी दिनों से मुकदमेबाजी व हत्या को लेकर रंजिश चली आ रही थी।