कस्बे में पकड़ी गई दो करोड़ की शराब के मामले में पुलिस ने बाबागंज के पूर्व प्रमुख और वर्तमान प्रमुखपति पंकज सिंह समेत सहित 14 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने पकड़े गए नौ लोगों का चालान भी कर दिया है। इसके साथ ही अन्य लोगों की तलाश में दबिश दी जा रही है। कस्बे के कबड़ियागंज मोहल्ले में एसटीएफ ने रेकी करके मनोज जायसवाल पुत्र सदाशिव के मकान से दो करोड़ की शराब पकड़ी। इस दौरान देशी शराब बनाने की मशीन व अंग्रेजी शराब के होलोग्राम, मोनोग्राम आदि मिले। इसके साथ ही दो मोटरसाइकिल व एक फोर्ट फिगो कार सहित दो लाइसेंसी असलहे भी बरामद हुए थे। मौके से साढ़े चार लाख रुपये भी मिले थे। नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया।
इन लोगों से रात में ही पूछताछ के बाद पुलिस ने बाबागंज के प्रमुखपति पंकज सिंह निवासी कनावा, संदीप सिंह पुत्र रामकरन सिंह निवासी हीरागंज, मकान मालिक मनोज जायसवाल पुत्र सदाशिव उर्फ लल्लू निवासी सब्जी मंडी कुंडा, अरुण सिंह पुत्र गयाबख्श सिंह निवासी किशुनी सहित 14 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। एसटीएफ इलाहाबाद इंस्पेक्टर नवेंदु कुमार राय की तहरीर पर सभी 14 लोगों पर एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने पकड़े गए नौ लोगों का चालान कर दिया। पूछताछ में संजय सिंह ने पुलिस को बताया कि सारा पैसा बाबागंज प्रमुखपति पंकज सिंह को दिया जाता था। इसमें संदीप सिंह, राजू सिंह, मनोज जायसवाल व अरुण का बराबर का हिस्सा होता था। फिलहाल पुलिस ने पंकज सिंह को मुख्य आरोपी बनाया है।