जिला पंचायत सदस्य के घर से लौट रहे उनके दो समर्थकों पर बाइक सवार लोगों ने फायरिंग कर दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। शोरशराबे पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो शूटरों ने उन्हें भी धमकाया। उनके जाने के बाद घायलों को कुंडा सीएचसी में भर्ती कराया जहां से उन्हें इलाहाबाद रेफर कर दिया गया है। पीड़ित की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ जान से मारने का प्रयास और धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
महेशगंज थाना क्षेत्र के खुशियाल का पुरवा नरियावां गांव निवासी रामखेलावन उर्फ बचोली पासी (32) व बनवारी पांडेय (34) पुत्र राम बरन निवासी अचकचवापुर जिला पंचायत सदस्य पति बबलू शुक्ला के घर से शुक्रवार देर शाम लौट रहे थे। यह लोग उनके प्राइवेट गनर के तौर पर भी उनके साथ काम करते हैं। अचानक बाइक से आए चार लोगों ने उनको रोक लिया और ललकारते हुए फायरिंग कर दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। बदमाशों के जाने के बाद आसपास के लोग आए और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन उन्हें कुंडा सीएचसी लाकर भर्ती कराया। चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार करने के बाद इलाहाबाद के लिए रेफर कर दिया।
दोनों का इलाज एसआरएन में चल रहा है। उधर राम खेलावन की पत्नी गुड्डी देवी ने थाने में तहरीर देकर आशीष सिंह उर्फ सोनू सिंह पुत्र शिवमूर्ति निवासी सांभरपुर नरियावां, जीतेंद्र मौर्या निवासी नरियावां, रीसू पुत्र अरुण तिवारी नरियावां, रितेश निवासी खंडवा थाना बाघराय के खिलाफ जान से मारने की धमकी व जान से मारने के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया है।